उत्तर प्रदेश में 1,375 ग्राम पंचायत अधिकारियों को नियुक्ति पत्र का वितरण
सरकारी नौकरी का सपना साकार
उत्तर प्रदेश: जब सरकारी नौकरी का नियुक्ति पत्र हाथ में आया, तो कई लोगों के चेहरे पर खुशी की लहर दौड़ गई। कुछ अभ्यर्थियों ने भावुक होकर अपनी मेहनत और संघर्ष की कहानी साझा की। यह अवसर सोमवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित ग्राम पंचायत अधिकारियों के नियुक्ति पत्र वितरण समारोह का था, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 1,375 ग्राम पंचायत अधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे।
मुख्यमंत्री ने मंच पर 11 नवचयनित अभ्यर्थियों को प्रतीकात्मक रूप से नियुक्ति पत्र प्रदान किए। अभ्यर्थियों ने अपनी संघर्ष यात्रा और परिवार की कठिनाइयों को साझा करते हुए चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) September 28, 2026
ससुराल की पहली महिला जो सरकारी नौकरी में आईं
लखनऊ की श्रुति श्रीवास्तव ने बताया कि वह अपने ससुराल की पहली महिला हैं, जो सरकारी सेवा में शामिल हो रही हैं। गर्भावस्था के दौरान उन्हें भविष्य की चिंता थी, लेकिन अब नियुक्ति मिलने से उन्हें नई उम्मीद और आत्मविश्वास मिला है। उन्होंने निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
कुशीनगर के आदित्य सिंह ने कहा कि सरकारी सेवा में चयन से उन्हें प्रदेश की सेवा करने का अवसर मिला है। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बताया।
गोरखपुर की ब्यूटी शाही ने कहा कि उनके परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं है। सरकारी नौकरी मिलने से वह जनसेवा के साथ-साथ अपने परिवार की स्थिति को भी सुधार सकेंगी। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
मंच पर नियुक्ति पत्र पाने वाले 11 अभ्यर्थी
मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र पाने वालों में प्रयागराज के आशुतोष त्रिपाठी, आगरा के ओम बघेल, गाजीपुर के प्रवीण कुमार, प्रतापगढ़ की सुधा, कुशीनगर के आदित्य सिंह, हमीरपुर की नेहा देवी, फतेहपुर की रूपाली गुप्ता, लखनऊ की श्रुति श्रीवास्तव, गोरखपुर की ब्यूटी शाही, गाजीपुर के शुभम कुमार और प्रतापगढ़ के अमित कुमार सिंह शामिल हैं।
10 दिन में 6,672 युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र
मिशन रोजगार के तहत पिछले 10 दिनों में यह चौथा बड़ा नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम है। 19 सितंबर को लोकभवन में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग और उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से चयनित 818 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए थे। इनमें चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा, आयुष, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम तथा व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग के अभ्यर्थी शामिल थे।
20 सितंबर को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड से चयनित 912 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए। इनमें पुलिस उपनिरीक्षक (गोपनीय), पुलिस सहायक उपनिरीक्षक (लिपिक) और पुलिस सहायक उपनिरीक्षक (लेखा) के पदों पर चयनित अभ्यर्थी शामिल थे।
शिक्षा विभाग में 3,567 को मिली नियुक्ति
22 सितंबर को उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग से चयनित 3,567 शिक्षकों और प्रधानाचार्यों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। इनमें 1,090 महिलाएं और 2,477 पुरुष शामिल थे। प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, प्रवक्ता और सहायक अध्यापक के पदों पर इनका चयन हुआ।
सोमवार को 1,375 ग्राम पंचायत अधिकारियों को नियुक्ति पत्र मिलने के साथ 19 से 28 सितंबर के बीच हुए चार बड़े कार्यक्रमों में कुल 6,672 युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं।
