Newzfatafatlogo

उत्तराखंड में 307 युवाओं को मिली सरकारी नौकरी, मुख्यमंत्री ने सौंपे नियुक्ति पत्र

उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 307 नव नियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस कार्यक्रम में चिकित्सा अधिकारियों, फार्मासिस्टों और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को शामिल किया गया। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं के महत्व और किसानों की आय बढ़ाने के लिए सरकार की योजनाओं पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने सभी चयनित अभ्यर्थियों को प्रदेश की जनता की सेवा का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया।
 | 
उत्तराखंड में 307 युवाओं को मिली सरकारी नौकरी, मुख्यमंत्री ने सौंपे नियुक्ति पत्र

मुख्यमंत्री का नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम

उत्तराखंड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्य सेवक सदन में आयोजित एक कार्यक्रम में 307 नव नियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।


इनमें 243 चिकित्सा अधिकारी, 42 फार्मासिस्ट, और उद्यान विभाग के अंतर्गत 22 प्रयोगशाला सहायकों एवं मशरूम पर्यवेक्षकों को शामिल किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह नियुक्ति पत्र केवल रोजगार का दस्तावेज नहीं, बल्कि प्रदेश की सवा करोड़ जनता की सेवा का संकल्प पत्र है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड जैसे चुनौतीपूर्ण भौगोलिक क्षेत्र में स्वास्थ्य कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। संकट के समय में जनता की पहली उम्मीद स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कार्मिक होते हैं। उन्होंने नव नियुक्त चिकित्सा अधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों से आग्रह किया कि वे संवेदनशीलता, समर्पण और सेवा भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।



मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। आयुष्मान योजना के तहत लाखों परिवारों को उपचार का लाभ मिल रहा है। अब तक 62 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड वितरित किए जा चुके हैं और लगभग 12 लाख मरीजों का 2200 करोड़ रुपये से अधिक का कैशलेस उपचार किया गया है।


उन्होंने बताया कि राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए मेडिकल कॉलेजों का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। वर्तमान में 5 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जबकि 2 निर्माणाधीन हैं। इसके साथ ही 9 नर्सिंग कॉलेज और 3 नर्सिंग स्कूल भी चलाए जा रहे हैं। देहरादून, हल्द्वानी और श्रीनगर मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशियलिटी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, और हल्द्वानी में आधुनिक कैंसर संस्थान का निर्माण प्रगति पर है।


दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए टेलीमेडिसिन और हेली एंबुलेंस सेवाएं भी शुरू की गई हैं।


मुख्यमंत्री ने कृषि एवं उद्यानिकी को नई दिशा देने के लिए भी प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि कीवी, ड्रैगन फ्रूट, हाई डेंसिटी एप्पल, मशरूम उत्पादन और मधुमक्खी पालन जैसी उच्च मूल्य फसलों को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं।


उत्तराखंड में 307 युवाओं को मिली सरकारी नौकरी, मुख्यमंत्री ने सौंपे नियुक्ति पत्र


मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सभी भर्ती प्रक्रियाएं पूर्ण पारदर्शिता से हो रही हैं। प्रदेश में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है, जिसके परिणामस्वरूप पिछले साढ़े चार वर्षों में 32 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं।


कृषि एवं उद्यान मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उद्यान विभाग द्वारा विभिन्न योजनाओं का सफल संचालन किया जा रहा है। उन्होंने मशरूम उत्पादन की अपार संभावनाओं पर भी जोर दिया।


स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि नए चिकित्सकों और फार्मासिस्ट की नियुक्ति से राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सभी चिकित्सक जन सेवा के प्रति समर्पित रहेंगे।


इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, विधायक उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, मेयर देहरादून सौरभ थपलियाल, सचिव सचिन कुर्वे, डॉ. एस. एन. पाण्डेय एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।