केदारनाथ यात्रा पर बारिश का असर, पैदल मार्ग बाधित
उत्तराखंड में बारिश से यात्रा प्रभावित
उत्तराखंड: राज्य के कई क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला जारी है। लगातार हो रही वर्षा के कारण पहाड़ी इलाकों में बोल्डर गिरने और मलबा आने की घटनाएं बढ़ गई हैं, जिससे पर्यटकों और यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। रुद्रप्रयाग जिले के विभिन्न स्थानों पर देर रात हुई तेज बारिश ने कई क्षेत्रों को जलमग्न कर दिया या फिर मलबा और बोल्डर गिरने से रास्ते अवरुद्ध हो गए हैं। इसका प्रभाव केदारनाथ यात्रा के पैदल मार्ग पर भी पड़ा है।
केदारघाटी में 21 जुलाई मंगलवार की रात हुई भारी बारिश के बाद केदारनाथ पैदल मार्ग फिर से बाधित हो गया है। गौरीकुंड से लगभग एक किलोमीटर आगे छौड़ी क्षेत्र में पहाड़ी से बड़े-बड़े बोल्डर और मलबा गिरने के कारण मार्ग पूरी तरह से बंद हो गया है। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने यात्रियों की आवाजाही को तुरंत रोक दिया है और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर ठहराया गया है।
बारिश के चलते केदारनाथ पैदल मार्ग पिछले कुछ दिनों से संवेदनशील बना हुआ है। मंगलवार रात अचानक चट्टान टूटने और भारी मलबा आने से मार्ग पर खतरा बढ़ गया, जिसके बाद प्रशासन ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यात्रा संचालन को अस्थायी रूप से रोक दिया।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि, मार्ग से बोल्डर और मलबा हटाने के लिए संबंधित विभागों की टीमें मौके पर तैनात कर दी गई हैं। बारिश थमने और मौसम अनुकूल होने पर मार्ग को जल्द से जल्द खोलने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें और बिना अनुमति आगे बढ़ने का प्रयास न करें। प्रशासन की ओर से मार्ग की लगातार निगरानी की जा रही है और मौसम की स्थिति को देखते हुए आगे की यात्रा व्यवस्था पर निर्णय लिया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। मार्ग का सुरक्षा परीक्षण पूरा होने के बाद ही केदारनाथ यात्रा दोबारा सुचारु की जाएगी।
