क्या है तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0? जानें इसके उद्देश्य और महत्व
नई दिल्ली में तंबाकू मुक्त युवा अभियान का आगाज़
नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने युवा पीढ़ी को तंबाकू और नशे की लत से बचाने के लिए तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 की शुरुआत की है। केंद्रीय राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने इस अभियान का उद्घाटन करते हुए युवाओं से अपील की कि वे तंबाकू के खिलाफ एक जनआंदोलन का नेतृत्व करें और स्वस्थ, सशक्त भारत के निर्माण में योगदान दें।
युवाओं की भूमिका और जिम्मेदारी
मंत्री प्रतापराव जाधव ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं, और उन्हें तंबाकू तथा नशे की लत से बचाना एक स्वस्थ राष्ट्र के निर्माण के लिए आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे तंबाकू को 'ना' कहें और अपने परिवार, मित्रों और समाज को इसके हानिकारक प्रभावों के बारे में जागरूक करें। उन्होंने युवाओं को तंबाकू मुक्त भारत का राजदूत बनने का संदेश दिया।
60 दिन का राष्ट्रव्यापी अभियान
तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 अगले 60 दिनों तक चलेगा, जिसमें तंबाकू सेवन की रोकथाम के नियमों के प्रभावी कार्यान्वयन और लोगों को तंबाकू छोड़ने के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया जाएगा। इस बार विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों को अभियान का केंद्र बनाया गया है। शिक्षण संस्थानों में तंबाकू मुक्त परिसर बनाने, जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने और युवाओं की भागीदारी से जनचेतना फैलाने की योजना है।
अभियान की उपलब्धियां
पिछले तीन चरणों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया गया कि अब तक 5.8 लाख से अधिक शिक्षण संस्थानों और 73 हजार गांवों को तंबाकू मुक्त घोषित किया जा चुका है। चौथे चरण में इस पहल को और व्यापक बनाने के साथ तंबाकू नियंत्रण के प्रयासों को मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा।
नशामुक्त युवा, विकसित भारत की पहचान
इस अभियान के तहत सरकार के विभिन्न विभागों के समन्वय से तंबाकू नियंत्रण, जागरूकता, रोकथाम और नशे की लत छोड़ने के प्रयासों को गति दी जाएगी। इसका उद्देश्य युवाओं को तंबाकू के दुष्प्रभावों से बचाना और समाज में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है।
