छठ महापर्व पर यात्रियों के लिए उत्तर रेलवे ने शुरू की विशेष ट्रेनें
छठ महापर्व के लिए विशेष रेल सेवाएं
नई दिल्ली: छठ महापर्व के अवसर पर घर लौटने की उम्मीद लगाए यात्रियों के लिए उत्तर रेलवे ने विशेष रेल सेवाओं का इंतजाम किया है। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों से अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि छठ के इस धार्मिक यात्रा में यात्रियों को सुविधा प्रदान करने के लिए अतिरिक्त रेल सेवाओं का सहारा लिया जाएगा। उत्तर रेलवे द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 13 नवंबर को दिल्ली क्षेत्र से 26 विशेष ट्रेनों का संचालन किया गया। इनमें नई दिल्ली से 11, आनंद विहार से 7, शकूरबस्ती से 5, हजरत निजामुद्दीन से 1, दिल्ली जंक्शन से 1 और रोहतक से 1 विशेष ट्रेन शामिल हैं। इसके अलावा, यात्रियों की मांग पर एक अनिर्धारित ट्रेन भी चलाई गई।
14 और 15 नवंबर के लिए विशेष ट्रेनें
14 नवंबर को दिल्ली क्षेत्र से 27 विशेष ट्रेनें चलाने की योजना है। इनमें नई दिल्ली से 9, आनंद विहार से 5, शकूरबस्ती से 7, हजरत निजामुद्दीन से 3, दिल्ली जंक्शन से 2 और रोहतक से 1 ट्रेन शामिल है। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त अनिर्धारित ट्रेनें भी चलाई जाएंगी। यात्रियों की सुविधा के लिए 15 नवंबर को भी 22 विशेष ट्रेनें चलाने का कार्यक्रम है, जिसमें नई दिल्ली से 7, आनंद विहार से 7, शकूरबस्ती से 2, हजरत निजामुद्दीन से 3, दिल्ली जंक्शन से 2 और रोहतक से 1 ट्रेन शामिल होगी।
रेलवे अधिकारी का बयान
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि छठ पर्व के दौरान विशेषकर पूर्वी भारत की ओर जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं।
