दीपक लोधी की संदिग्ध मौत: इलाहाबाद हाईकोर्ट में अगली सुनवाई 7 दिसंबर को
वृन्दावन में संत प्रेमानंद के शिष्य की मौत का मामला
वृन्दावन: संत प्रेमानंद के अनुयायी दीपक लोधी की संदिग्ध मौत के मामले में शुक्रवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट में सुनवाई नहीं हो पाई। मृतक के परिवार को मुआवजा दिलाने और मामले की जांच विशेष जांच दल (एसआईटी) से कराने की मांग को लेकर दायर याचिका पर अब 7 दिसंबर को सुनवाई होगी।
एसआईटी जांच और मुआवजे की याचिका
वृंदावन के अधिवक्ता प्रह्लादकृष्ण शुक्ला ने इस मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका प्रस्तुत की है। याचिका में दीपक लोधी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की जांच एसआईटी से कराने और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की गई है।
अगली सुनवाई की तारीख
शुक्रवार को याचिका पर सुनवाई न्यायालय के कक्ष संख्या 48 में न्यायमूर्ति चंद्रधारी सिंह और न्यायमूर्ति तरुण सक्सेना की खंडपीठ के समक्ष होनी थी। लेकिन पीठ के अनुपस्थित रहने के कारण मामला न्यायालय कक्ष संख्या 46 में न्यायमूर्ति राजीव गुप्ता और न्यायमूर्ति देवेंद्र सिंह प्रथम की पीठ को सौंपा गया। अधिवक्ता प्रह्लादकृष्ण शुक्ला ने बताया कि न्यायालय ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 7 दिसंबर की तारीख तय की है। अब सभी की नजरें इस सुनवाई पर हैं।
