दीपावली पर सुरक्षा का कड़ा पहरा: ग्रेटर नोएडा में पुलिस की तैयारियां
ग्रेटर नोएडा में सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था
ग्रेटर नोएडा: दीपावली के उत्सव को खुशियों और उल्लास के साथ मनाने के लिए सेंट्रल नोएडा में पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। त्योहार के दौरान किसी भी असामाजिक तत्व को माहौल खराब करने का मौका न मिले, इसके लिए पुलिस ने सड़कों पर सक्रियता दिखाई है। कहीं पुलिस का काफिला फ्लैग मार्च करता नजर आया, तो कहीं ड्रोन कैमरों ने आसमान से सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की। बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों पर पुलिस की नजर बनी हुई है।
पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह के मार्गदर्शन में, डीसीपी सेंट्रल नोएडा डॉ. प्रवीन रंजन सिंह ने एडीसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह के साथ मिलकर सेंट्रल नोएडा के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक फ्लैग मार्च किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने प्रमुख मार्गों, बाजारों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों का दौरा कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। ड्रोन के माध्यम से भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की निगरानी की गई, ताकि सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जा सके।
सुरक्षा व्यवस्था का रियलिटी चेक
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की। यातायात प्रबंधन, वाहनों की पार्किंग, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी और प्रमुख स्थानों पर बैरिकेडिंग की स्थिति का मूल्यांकन किया गया। पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
संदिग्ध गतिविधियों पर नजर, हर जगह पुलिस का पहरा
डीसीपी ने निर्देश दिए कि दीपावली के अवसर पर पूरे क्षेत्र में लगातार पुलिस गश्त और फ्लैग मार्च जारी रखा जाए। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग की जाए। सभी पीसीआर और पीआरवी वाहन लगातार भ्रमणशील रहें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच सके। बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के साथ पुलिसकर्मियों को पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए।
डीसीपी का संदेश: सुरक्षा में कोई ढिलाई नहीं
डीसीपी सेंट्रल नोएडा डॉ. प्रवीन रंजन सिंह ने कहा कि दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में मनाना पुलिस की प्राथमिकता है। इसके लिए पूरे जोन में पुलिस की सक्रियता बढ़ाई गई है। फ्लैग मार्च और ड्रोन के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है। बाजारों, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित की जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच के साथ पीसीआर और पीआरवी को लगातार गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि आमजन निर्भीक होकर त्योहार मनाएं। पुलिस हर परिस्थिति से निपटने के लिए सतर्क और तैयार है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि समय पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
