नोएडा में छठ पूजा के दौरान यातायात व्यवस्था: जानें क्या हैं नए नियम
नोएडा में छठ पूजा के लिए यातायात प्रबंध
नोएडा: छठ पूजा के महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए गौतमबुद्धनगर यातायात पुलिस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। 15 और 16 नवंबर 2026 को छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों के लिए विशेष नियंत्रण लागू किया जाएगा। इस दौरान आवश्यकतानुसार विभिन्न मार्गों पर वाहनों का डायवर्जन किया जाएगा। पुलिस उपायुक्त यातायात कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा जारी यातायात एडवाइजरी के अनुसार यमुना नदी के किनारे कालिंदी कुंज, हिंडन नदी पुल कुलेसरा, चोटपुर-बहलोलपुर सेक्टर-63 और नोएडा स्टेडियम सेक्टर-21ए में छठ पूजा के आयोजन के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।
यातायात में बदलाव के प्रमुख मार्ग
यातायात पुलिस के अनुसार, नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे से कालिंदी बॉर्डर की ओर जाने वाले मालवाहक वाहनों को चरखा गोलचक्कर से दलित प्रेरणा स्थल की दिशा में मोड़ा जाएगा। ये वाहन डीएनडी या चिल्ला मार्ग से आगे बढ़ सकेंगे।
सेक्टर-37 से कालिंदी बॉर्डर की ओर जाने वाले वाहनों को महामाया फ्लाईओवर से दलित प्रेरणा स्थल की तरफ भेजा जाएगा। सूरजपुर से कुलेसरा और फेस-2 की ओर जाने वाले वाहनों को कच्ची सड़क तिराहा से चौगानपुर गोलचक्कर की ओर डायवर्ट किया जाएगा। यहां से वाहन बिसरख गोलचक्कर होकर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
फेस-2 से हिंडन नदी की ओर जाने वाले वाहनों को ककराला की दिशा में मोड़ा जाएगा। ये वाहन सोरखा और बिसरख होकर आगे बढ़ेंगे। किसान चौक से पर्थला जाने वाले वाहनों को बिसरख और सोरखा के रास्ते भेजा जाएगा, जबकि पर्थला से किसान चौक आने वाले वाहनों को सोरखा-बिसरख मार्ग का उपयोग करना होगा।
आपातकालीन सेवाओं को प्राथमिकता
यातायात पुलिस ने बताया है कि डायवर्जन के दौरान एंबुलेंस और अग्निशामक वाहनों को प्राथमिकता दी जाएगी ताकि उन्हें बिना किसी रुकावट के रास्ता मिल सके। पुलिस की टीमें प्रमुख चौराहों और संवेदनशील मार्गों पर तैनात रहकर यातायात व्यवस्था की निगरानी करेंगी।
यातायात पुलिस की अपील
पुलिस उपायुक्त यातायात सैयद अली अब्बास ने वाहन चालकों से अनुरोध किया है कि वे छठ पूजा के दौरान जारी यातायात एडवाइजरी का पालन करें, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और आयोजन स्थलों के आसपास अनावश्यक रूप से वाहन न लाएं। किसी भी यातायात संबंधी समस्या के लिए यातायात हेल्पलाइन 9971009001, व्हाट्सऐप नंबर 7065100100 और एक्स हैंडल @noidatraffic पर संपर्क किया जा सकता है।
