भाकपा ने मेदिनीनगर प्रखंड कार्यालय में तालाबंदी कर किया प्रदर्शन

पलामू, 2 अगस्त (हि.स.)। भारतीय कम्युनिष्ट पार्टी की सदर अंचल कमेटी की चियांकी शाखा के द्वारा शुक्रवार को सदर मेदिनीनगर प्रखंड सह अंचल कार्यालय में तालाबंदी कर प्रदर्शन किया गया। इस दौरान तीन घंटे तक कार्य ठप रहा। कार्यालय को बाहर से बंद कर मुख्य गेट पर धरना दिया गया। इससे पहले के प्रखंड कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन बैरिया चौक से नारबाजी करते हुए भाकपा नेता प्रखंड सह अंचल कार्यालय पहुंचे। भ्रष्ट पदाधिकारी होश में आओ, तेरी मनमानी नहीं चलेगी आदे नारे लगाए गए।
मौके पर भाकपा जिला सचिव रुचिर कुमार तिवारी ने कहा कि सदर अंचल और प्रखंड कार्यालय भ्रष्टाचार का अड्डा बन गया है। बिना घूस के कोई काम नहीं हो रहा है। एनएच 75 में प्रभावित दलित, आदिवासियों की जमीन का मुआवजा दलाल एवं दूसरे लोग लेने में लगे हुए हैं और अंचल कार्यालय के कर्मी मूकदर्शक बनकर उनका सहयोग कर रहा है। भाजपा के विधायक और सांसद को आम जनता के कार्यों से कोई लेना-देना नहीं रह गया है। रघुवर सरकार की तरह ही हेमंत सरकार की भी भ्रष्ट पदाधिकारियों एवं अफसरों पर लगाम ढीली पड़ गयी है, जिसे टाइट करने की जरूरत है। हमारी पार्टी ऐसे भ्रष्ट पदाधिकारी पर लगाम लगाना अच्छी तरह से जानती है।
मौके पर अखिल भारतीय किसान सभा के जिला अध्यक्ष उमेश सिंह चेरों, अखिल भारतीय नौजवान संघ के जिला सचिव अभय कुमार भुइयां, नगर सचिव सुरेश ठाकुर ने भी संबोधित किया।
मौके पर नसीम राईन, सोनू अहमद, करीमन पासवान, पिंटू सिंह, तारा देवी, फुलवा देवी, फूल कुमारी देवी, गजेंद्र राम, मृत्युंजय तिवारी, दिलदार सिंह, उपेंद्र कुमार सिंह, संजय सिंह शाहिद सैकड़ो लोग उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार / चन्द्र प्रकाश सिंह