मथुरा में 12 करोड़ की चोरी का खुलासा: पूर्व कर्मचारी निकला मास्टरमाइंड
मथुरा में चोरी का मामला
मथुरा: कोसीकलां के सर्राफा बाजार में जुगल किशोर ज्वेलर्स की दुकान से हुई लगभग 12 करोड़ रुपये की चोरी का खुलासा पुलिस ने मंगलवार को किया। इस चोरी का मास्टरमाइंड कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि दुकान का पूर्व कर्मचारी पप्पू सोनी था। पप्पू ने अपने भाई मोहन सोनी, मां और बहन के साथ मिलकर इस चोरी की योजना बनाई थी। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 7.5 किलो सोना, 11 लाख रुपये नकद, लॉकर की चाबी, डीवीआर और चोरी में इस्तेमाल किया गया गैस कटर बरामद किया है।
चोरी की योजना का खुलासा
एडीजी आगरा रेंज एसके भगत ने बताया कि 13 सितंबर की रात चोरों ने जुगल किशोर ज्वेलर्स की दुकान की छत को गैस कटर से काटकर अंदर प्रवेश किया। पप्पू सोनी, जो पूर्व कर्मचारी था, को दुकान की व्यवस्था और लॉकर की पूरी जानकारी थी। उसे पता था कि दुकान का मालिक लॉकर बंद करने के बाद चाबी दुकान के अंदर ही छोड़ देता है। इसी जानकारी का लाभ उठाकर उसने चोरी की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार, आरोपी लगभग सात घंटे तक दुकान के अंदर रहा, चाबी खोजकर लॉकर खोला और सोना-नकदी लेकर फरार हो गया।
चोरी की मात्रा और गिरफ्तारी
घटना के बाद व्यापारी ने लगभग 10 किलो सोना और 15 लाख रुपये नकद चोरी होने की सूचना दी थी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने जांच तेज की और एसटीएफ सहित 10 टीमों का गठन किया। टीमों ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। सुराग मिलने के बाद पुलिस ने गोपाल बाग, कोसीकलां से पप्पू सोनी, मोहन सोनी और दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद चोरी की पूरी कहानी सामने आई।
सभी चोरी का माल बरामद
एडीजी ने बताया कि घटना के तुरंत बाद व्यापारी ने चोरी गए माल की मात्रा अधिक बताई थी। बाद में दस्तावेजों की जांच के बाद व्यापारी ने पुलिस को सूचित किया कि उसका पूरा माल बरामद हो चुका है। पुलिस के अनुसार, पप्पू सोनी पहले भी चोरी की वारदात में शामिल रहा है। पहले जिस सर्राफा व्यापारी के यहां वह काम करता था, वहां से भी उसने सोना चुराया था। पकड़े जाने पर सोना वापस करने के बाद मामला रफा-दफा हो गया था। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
