मुजफ्फरनगर में सर्दी में बढ़ी चोरी की घटनाएं: मेडिकल स्टोर पर हुआ बड़ा हमला
चोरी की वारदात से दहशत में व्यापारी
मुजफ्फरनगर: जैसे ही सर्दी का मौसम आया, चोरों ने भी सक्रियता बढ़ा दी है। खालापार थाना क्षेत्र के सुजड़ू में स्थित रतन मार्केट में बीती रात अज्ञात चोरों ने अबरार मेडिकल स्टोर को अपना निशाना बनाया। चोर छत के माध्यम से दुकान में प्रवेश कर गए और दीवार में छेद कर गल्ले में रखी हजारों रुपये की नकदी चुरा ले गए।
दुकान मालिक ने पुलिस को दी सूचना
सुबह जब मेडिकल स्टोर के मालिक अबरार उस्मानी दुकान खोलने पहुंचे, तो अंदर का दृश्य देखकर हैरान रह गए। उन्होंने तुरंत डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए जांच शुरू की।
पिछले मामले की याद दिलाई
मेडिकल स्टोर के मालिक अबरार उस्मानी ने बताया कि लगभग तीन-चार साल पहले भी उनके इसी स्टोर में चोरी हुई थी। उस समय भी उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत दी थी, लेकिन अब तक उस मामले का खुलासा नहीं हो सका। एक बार फिर चोरी की घटना ने उन्हें चिंतित कर दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Reported by: Rohit
