लखनऊ में बर्थडे पार्टी के दौरान हर्ष फायरिंग, आरोपी गिरफ्तार
लखनऊ में हर्ष फायरिंग की घटना
लखनऊ: मोहनलालगंज के स्पैरो रिजॉर्ट में एक जन्मदिन समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग के मामले में पुलिस ने कड़ा कदम उठाया है। 'शर्मा टी स्टाल' के मालिक के बेटे, गौरव शर्मा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस मामले में लापरवाही के चलते कनकहा चौकी के उपनिरीक्षक निमेश दुबे को निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 19 जुलाई की रात मदाखेड़ा स्थित स्पैरो रिजॉर्ट में एक जन्मदिन पार्टी चल रही थी। आरोप है कि नशे में धुत गौरव शर्मा ने डीजे की धुन पर पिस्टल निकालकर कई राउंड फायरिंग की। इस घटना से वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। जब रिजॉर्ट के कर्मचारियों ने इसका विरोध किया, तो गौरव ने उनके साथ मारपीट भी की। मोहनलालगंज पुलिस ने गौरव शर्मा सहित 14 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
एसीपी मोहनलालगंज की जांच में यह भी सामने आया कि कनकहा चौकी इंचार्ज निमेश दुबे ने मामले की विवेचना में लापरवाही बरती। रिपोर्ट के आधार पर उन्हें निलंबित किया गया। पुलिस अब दो अन्य संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और घटना में इस्तेमाल किए गए हथियारों की बरामदगी के लिए लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
