वृंदावन में कार्तिक उत्सव: भक्तों का उमड़ा सैलाब और नौका विहार का आनंद
कार्तिक उत्सव का भव्य आयोजन
वृंदावन: कार्तिक मास की भक्ति और उल्लास के बीच वृंदावन चंद्रोदय मंदिर में तीन दिवसीय कार्तिक उत्सव का दूसरा दिन शनिवार को मनाया गया। इस अवसर पर ठाकुर राधा वृन्दावनचंद्र का भव्य नौका विहार उत्सव आयोजित किया गया। रंग-बिरंगे और सुगंधित फूलों से सजी नौका में विराजमान ठाकुरजी के मनमोहक स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो गए। हरिनाम संकीर्तन और जयकारों से मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया।
उत्सव के दौरान ठाकुर राधा वृन्दावनचंद्र को विधिपूर्वक पालकी में विराजमान कर गर्भगृह से कल्याणी तक लाया गया। यहां पूजा-अर्चना और आरती के बाद उन्हें विभिन्न प्रकार के सुगंधित पुष्पों से सजाई गई नौका में विराजमान किया गया। हरिनाम संकीर्तन के बीच नौका विहार की शुरुआत हुई। इस दौरान श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए ठाकुरजी की जय-जयकार करते रहे। नौका में विराजमान भगवान के अलौकिक स्वरूप को देखने के लिए भक्तों में विशेष उत्साह था।
इस अवसर पर ठाकुरजी का विशेष वस्त्रों और सुगंधित पुष्पों से आकर्षक श्रृंगार किया गया। भगवान को छप्पन भोग अर्पित किए गए। इसके बाद श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से दामोदराष्टकम का भावपूर्ण गायन किया। कार्तिक मास की परंपरा के अनुसार भक्तों ने ठाकुरजी के चरणों में दीप प्रज्वलित कर दीपदान किया। दीपों की रोशनी और पुष्पों की सजावट से मंदिर परिसर का दृश्य मनोहारी हो गया।
कार्तिक उत्सव में भाग लेने के लिए दिल्ली, आगरा, लखनऊ सहित विभिन्न शहरों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु वृंदावन पहुंचे। पूरे आयोजन के दौरान भक्ति, संकीर्तन और उत्साह का माहौल बना रहा।
