श्याम जन्मोत्सव: रतिया में भव्य समारोह में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
रतिया में श्री राम आश्रम शिव मंदिर में धूमधाम से मनाया गया जन्मोत्सव
रतिया: शहर के टिब्बा कॉलोनी में स्थित प्रसिद्ध श्री राम आश्रम शिव मंदिर में श्री श्याम का जन्मोत्सव बड़े धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पूरा शहर श्याममय हो गया और मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ जुट गई। भव्य भजन संध्या में मशहूर भजन गायक दीपक बाबा और अशोक लाली ने अपने मधुर भजनों से श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। उनके भजनों पर भक्त देर रात तक झूमते और नाचते रहे, और पूरा पंडाल बाबा श्याम के जयकारों से गूंज उठा।
मुख्य अतिथि ने परिवार के साथ की ज्योति प्रचंड
कार्यक्रम में प्रमुख समाजसेवी रंजीत गर्ग दानेवालिया ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया और परिवार के साथ ज्योति प्रचंड की। उन्होंने बाबा श्याम के चरणों में माथा टेककर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर बाबा श्याम का अलौकिक श्रृंगार किया गया, जिसे देखने के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु आए। कार्यक्रम के दौरान बाबा का अटूट भंडारा भी चला, जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने प्रेमपूर्वक प्रसाद ग्रहण किया।
मंदिर की सजावट और आरती का आयोजन
मंदिर कमेटी के प्रधान विनोद बंसल ने बताया कि बाबा श्याम के आशीर्वाद से इस बार जन्मोत्सव को भव्य रूप दिया गया। मंदिर को फूलों और रोशनी से सजाया गया था। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों और दानदाताओं का आभार व्यक्त किया। अंत में रात 12:15 बजे बाबा श्याम जी की आरती के साथ प्रसाद का वितरण किया गया और आए हुए अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कमेटी और महिला मंडल ने संभाली व्यवस्था
इस अवसर पर समस्त कमेटी सदस्य और महिला मंडल के सभी सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस भव्य जागरण में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए, जिन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना पूरा सहयोग दिया।
