सचिन पायलट के पंजाब दौरे पर बलतेज पन्नू का तीखा हमला: कांग्रेस की नैतिकता पर सवाल
चंडीगढ़ में आम आदमी पार्टी का बयान
चंडीगढ़: आम आदमी पार्टी (आप) के पंजाब मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने कांग्रेस के पंजाब इंचार्ज सचिन पायलट के हालिया दौरे पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह आश्चर्यजनक है कि जो नेता खुद को नाविक बताकर मुख्यमंत्री बनने का सपना देख रहे थे, उन्होंने कांग्रेस की नाव को पूरी तरह से डुबो दिया है। अब उस डूबती नाव को बचाने के लिए प्लेन के 'पायलट' को उतारा गया है। पन्नू ने कहा कि सचिन पायलट का पंजाब में स्वागत है, लेकिन पहले उन्हें कांग्रेस के गुनाहों का जवाब देना होगा।
1984 सिख नरसंहार पर सवाल उठाते हुए
पन्नू ने सचिन पायलट से सीधा सवाल किया कि कांग्रेस ने अल्पसंख्यकों पर ज़ुल्म क्यों किया और 1984 के सिख नरसंहार के आरोपियों को आज तक क्यों नहीं पकड़ा गया? उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सज्जन कुमार और कमलनाथ जैसे मुख्य आरोपियों को हमेशा संरक्षण दिया है। पन्नू ने यह भी पूछा कि कांग्रेस के नेता आज भी इन कातिलों को अपना आदर्श क्यों मानते हैं?
कांग्रेस से नैतिकता की मांग
पन्नू ने आगे कहा कि दिल्ली की सड़कों पर सिखों का खून बहाने वाली कांग्रेस पार्टी आज किस नैतिकता के साथ पंजाबियों से वोट मांग रही है? 1984 में कांग्रेस द्वारा किए गए जुल्मों के दाग कभी नहीं धुल सकते। सचिन पायलट को पंजाब में चुनाव प्रचार करने से पहले यह स्पष्ट करना चाहिए कि 1984 के नरसंहार में कौन से कांग्रेस नेता शामिल थे, उन्हें क्यों बचाया गया, और कब कांग्रेस उन्हें अपना आदर्श मानना बंद करेगी?
