11 वर्षीय शास्वत शौर्य तिवारी बने नए महंत, मझौवा मठ में हुआ अभिषेक
मझौवा मठ में नया महंत नियुक्त
बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के रेवती बस स्टैंड पर स्थित मझौवा मठ और लक्ष्मी नारायण मंदिर को नया महंत मिल गया है। रविवार को वैदिक परंपरा के अनुसार 11 वर्षीय शास्वत शौर्य तिवारी का महंत के रूप में अभिषेक किया गया। महंत बनने के बाद उनका नाम श्याम नारायण रामानुज वैष्णव दास रखा गया। इस समारोह में संत-महात्माओं के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी शामिल हुए। अब शास्वत गुरुजनों के मार्गदर्शन में धार्मिक शिक्षा प्राप्त करेंगे और मठ की आध्यात्मिक परंपरा को आगे बढ़ाएंगे।
सूत्रों के अनुसार, शास्वत का मंत्रोच्चार बटुकों द्वारा किया गया। रामभद्राचार्य उर्फ बालक दास ने उनका अभिषेक किया, जिसके बाद शास्वत ने महंत की गद्दी संभाली। पहले शास्वत का यज्ञोपवित संस्कार हुआ, जिसमें बालक दास ने उन्हें गुरु दीक्षा दी।
गुरुओं के सानिध्य में शिक्षा जारी रहेगी
11 वर्षीय महंत श्याम नारायण दास के गुरु बालक दास ने बताया कि उन्हें महंत की गद्दी दी गई है, लेकिन उनकी कम उम्र के कारण वे अभी गुरु के सानिध्य में शिक्षा ग्रहण करेंगे। इस दौरान मठ का संचालन संरक्षकों द्वारा किया जाएगा। महंत मकसुदना चार्य के निधन के बाद 25 जून 2025 से यह पद रिक्त था। श्याम नारायण रामानुज वैष्णव दास के महंत बनने पर श्रद्धालुओं ने उन्हें आशीर्वाद दिया। अभिषेक के समय का दृश्य अद्भुत था, जिसमें महंत नहाते समय वीडियो कॉल पर हंसते हुए नजर आए। हालांकि, उनकी उम्र को देखते हुए वे अभी गुरु की देखरेख में रहेंगे।
