कांवड़ यात्रा 2026: पवित्र जल को जमीन पर रखने की मान्यता और नियम
कांवड़ यात्रा 2026 का आगाज़
कांवड़ यात्रा 2026: सावन का पवित्र महीना शुरू होते ही देशभर में भगवान शिव की भक्ति का माहौल देखने को मिलता है. हर तरफ बोल बम के जयकारे गूंजने लगते हैं और लाखों श्रद्धालु भोलेनाथ की आराधना के लिए कांवड़ यात्रा पर निकल पड़ते हैं. कांवड़िये दूर-दूर से पवित्र नदियों का जल लेकर पैदल यात्रा करते हैं और सावन शिवरात्रि के शुभ अवसर पर इस जल से भगवान शिव का अभिषेक करते हैं. साल 2026 में कांवड़ यात्रा की शुरुआत 30 जुलाई से होने जा रही है.
कांवड़ को जमीन पर रखने की मनाही
हिंदू धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कांवड़ में रखा गंगाजल बेहद पवित्र माना जाता है. श्रद्धालु जिस जल को लेकर यात्रा शुरू करते हैं, उसे भगवान शिव को समर्पित करने का संकल्प लेते हैं. इसी वजह से इस जल की पवित्रता बनाए रखने के लिए कांवड़ को जमीन पर रखने से बचा जाता है.
मान्यता है कि जमीन के संपर्क में आने से कांवड़ में रखा पवित्र जल अशुद्ध हो सकता है. इसलिए कांवड़िये पूरी यात्रा के दौरान कांवड़ को अपने कंधों पर उठाकर चलते हैं और इसे नीचे रखने की जरूरत पड़ने पर किसी ऊंचे स्थान, कांवड़ स्टैंड या सुरक्षित जगह का सहारा लेते हैं.
यात्रा के दौरान कांवड़ रखने के लिए इंतजाम
कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रास्तों में जगह-जगह विश्राम स्थल और कांवड़ स्टैंड बनाए जाते हैं. इनका उद्देश्य यही होता है कि कांवड़िये आराम करते समय भी कांवड़ को जमीन पर रखने से बच सकें.
कई भक्त यात्रा के दौरान इस नियम को पूरी श्रद्धा और सावधानी के साथ निभाते हैं, क्योंकि उनके लिए कांवड़ में रखा जल भगवान शिव को अर्पित होने वाली भक्ति का प्रतीक होता है.
क्या कांवड़ जमीन पर रखने से यात्रा अधूरी मानी जाती है?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, अगर कांवड़ में रखा गंगाजल जमीन को छू जाए तो इसे यात्रा के संकल्प में बाधा माना जाता है. कई परंपराओं में ऐसी स्थिति में उस जल को शिवलिंग पर अर्पित न करने की मान्यता है.
ऐसा माना जाता है कि कांवड़िये को दोबारा पवित्र नदी से जल लेकर अपनी यात्रा शुरू करनी चाहिए, ताकि उनका संकल्प पूरी श्रद्धा और नियमों के साथ पूरा हो सके.
गलती से जमीन पर रखी गई कांवड़ का समाधान
कई बार अनजाने में ऐसी स्थिति बन सकती है कि कांवड़ जमीन पर रख जाए. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, ऐसी परिस्थिति में सबसे पहले भगवान शिव से क्षमा प्रार्थना करनी चाहिए और मन को शांत रखते हुए आगे की प्रक्रिया पूरी करनी चाहिए.
कई श्रद्धालु ऐसी स्थिति में भगवान शिव का नाम स्मरण करते हैं, "ॐ नमः शिवाय" मंत्र का जाप करते हैं और दोबारा पवित्र जल लेने का निर्णय लेते हैं. मान्यता के अनुसार, हरिद्वार, गंगोत्री या किसी अन्य पवित्र नदी से फिर से जल भरकर कांवड़ यात्रा को आगे बढ़ाया जा सकता है.
