महराजगंज में मोहर्रम पर भव्य ताजिया जुलूस का आयोजन
मोहर्रम के अवसर पर जुलूस का आयोजन
महराजगंज में पैगंबर मोहम्मद के नवासे हज़रत इमाम हुसैन और उनके 72 साथियों की शहादत की याद में मोहर्रम के मौके पर एक भव्य ताजिया जुलूस निकाला गया। इस जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए और इमाम हुसैन की कुर्बानी को याद करते हुए मातम मनाया। मातम के दौरान कई जायरीन ने पारंपरिक तरीके से सीना-ज़नी और जंजीरों से मातम किया।
जुलूस ने सरदार शहीद भगत सिंह चौक, हनुमान चौक, न्यू मार्केट, मुख्य मार्ग, घंटाघर और गांधी चौक होते हुए कर्बला पहुंचा, जहां धार्मिक परंपराओं के अनुसार ताजिया सुपुर्द-ए-खाक किया गया।
भीषण गर्मी को देखते हुए नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी ने जायरीनों के लिए शीतल पेयजल और मिष्ठान की व्यवस्था की। उन्होंने नगर में भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, जिससे जुलूस शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सका।
इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी ने कहा कि कर्बला का युद्ध त्याग, सत्य, न्याय और इंसानियत की रक्षा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इमाम हुसैन ने विपरीत परिस्थितियों में अन्याय और अत्याचार के सामने झुकने के बजाय अपने प्राणों का बलिदान देकर पूरी दुनिया को सत्य और इंसाफ की राह पर चलने का संदेश दिया।
इस दौरान अधिशासी अधिकारी संदीप कुमार सरोज, सभासद धर्मात्मा जायसवाल, अनिल मद्धेशिया, सुरेंद्र बहादुर जायसवाल उर्फ चड्ढा, अनिल जायसवाल, संजय मौर्या, अभय कुमार, राहुल दूबे, राजू अग्रहरि, अशोक रौनियार, प्रधान लिपिक रमाशंकर सिंह, संतोष श्रीवास्तव, अमित जायसवाल, राजकुमार गौड़, प्रमोद पाठक सहित सभी सभासद और नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट 
