दिल्ली में STEM इनोवेशन लैब का उद्घाटन, भविष्य के लिए तैयार कर रही शिक्षा
दिल्ली सरकार की नई पहल
- दिल्ली सरकार आधुनिक तकनीक और इनोवेशन आधारित शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों को बना रही है फ्यूचर-रेडी: सीएम रेखा गुप्ता
नई दिल्ली - दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने गुरुवार को पीतमपुरा में सर्वोदय विद्यालय में साइंस, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग और मैथमैटिक्स (STEM) इनोवेशन लैब का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि आज के समय में ये विषय केवल पाठ्यक्रम का हिस्सा नहीं हैं, बल्कि ये भविष्य की अर्थव्यवस्था और राष्ट्र निर्माण की नींव हैं। इसलिए, विद्यार्थियों को केवल किताबों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उन्हें प्रयोगात्मक शिक्षा, रचनात्मक सोच और समस्या समाधान की क्षमताओं से लैस करना आवश्यक है।
इस कार्यक्रम में क्रिकेटर और दा वन ग्रुप के चेयरमैन श्री शिखर धवन, एचएमडी इंडिया के प्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह STEM इनोवेशन लैब केवल एक प्रयोगशाला नहीं है, बल्कि यह दिल्ली के विद्यार्थियों के लिए नवाचार, वैज्ञानिक सोच और संभावनाओं के नए युग की शुरुआत है। दिल्ली सरकार का उद्देश्य हर सरकारी विद्यालय को आधुनिक सुविधाओं और डिजिटल तकनीक से सुसज्जित करना है, ताकि सभी विद्यार्थी भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार हो सकें।
उन्होंने आगे कहा कि यह लैब विद्यार्थियों को नए विचारों पर काम करने, वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने और वास्तविक जीवन की समस्याओं के समाधान खोजने के लिए प्रेरित करेगी। विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने में गुणवत्तापूर्ण और तकनीकी शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। आज के विद्यार्थी कल के वैज्ञानिक, इंजीनियर, इनोवेटर, स्टार्टअप संस्थापक और राष्ट्र निर्माता बनेंगे। इसलिए, सरकार का प्रयास है कि हर बच्चे को समान अवसर, आधुनिक संसाधन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले।
मुख्यमंत्री ने शिखर धवन फाउंडेशन, एचएमडी इंडिया और दा वन ग्रुप का इस महत्वपूर्ण पहल में सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी और निजी क्षेत्र की साझेदारी शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव का एक प्रभावी माध्यम बन सकती है। इस सहयोग से सरकारी विद्यालयों में आधुनिक शिक्षण संसाधनों का विस्तार होगा और अधिक से अधिक विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और तकनीकी शिक्षा का लाभ मिलेगा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी इस प्रकार की साझेदारियां दिल्ली के शिक्षा तंत्र को और मजबूत बनाएंगी।
