नाथपा झाकड़ी जलविद्युत स्टेशन को मिला प्रतिष्ठित डब्ल्यूएसओ-इंडिया प्लेटिनम अवार्ड
नाथपा झाकड़ी जलविद्युत स्टेशन की नई उपलब्धि
झाकड़ी (News Media): एसजेवीएन के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक, श्री भूपेंद्र गुप्ता ने बताया कि नाथपा झाकड़ी जलविद्युत स्टेशन (एनजेएचपीएस), जो कि देश का सबसे बड़ा भूमिगत 1500 मेगावाट का प्रोजेक्ट है, ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। इसे वर्ल्ड सेफ्टी ऑर्गेनाइजेशन (डब्ल्यूएसओ) द्वारा ओएचएस एंड ई अवार्ड 2026 के तहत “मोस्ट आउटस्टैंडिंग परफॉर्मेंस – प्लैटिनम 5-स्टार ट्रॉफी एवं प्रमाणपत्र 2026” से सम्मानित किया गया है।
यह सम्मान डब्ल्यूएसओ-इंडिया के मूल्यांकनकर्ताओं द्वारा किए गए स्थल निरीक्षण और डब्ल्यूएसओ के निर्णायक मंडल द्वारा अंतिम मूल्यांकन के आधार पर प्रदान किया गया।
इस उपलब्धि पर अपनी खुशी व्यक्त करते हुए, श्री भूपेंद्र गुप्ता ने कहा कि यह सम्मान एनजेएचपीएस की टीम के निरंतर प्रयासों, कार्यस्थल पर उच्च सुरक्षा मानकों को बनाए रखने, व्यावसायिक स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता और सुरक्षा को दैनिक कार्यप्रणाली का अभिन्न हिस्सा बनाने के संकल्प का प्रमाण है।
मुंबई में 13 अक्टूबर को आयोजित डब्ल्यूएसओ-इंडिया के 5वें राज्य स्तरीय ओएचएस एंड ई पुरस्कार समारोह में, एनजेएचपीएस के महाप्रबंधक श्री सोनी कुमार ने स्टेशन की ओर से यह पुरस्कार प्राप्त किया।
अध्यक्ष महोदय ने परियोजना प्रमुख श्री राजीव कपूर को इस उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए बधाई दी और कहा कि नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पॉवर स्टेशन अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन और नए कीर्तिमान स्थापित करने की परंपरा से सभी को हमेशा प्रभावित करता रहा है।
