Newzfatafatlogo

भाजपा की नशा मुक्त पंजाब यात्रा: मुख्यमंत्री धामी का संदेश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पंजाब के होशियारपुर में भाजपा की 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा' के तहत जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में भाजपा की पहल की सराहना की। धामी ने आम आदमी पार्टी की सरकार पर नशे की समस्या को लेकर वादे न निभाने का आरोप लगाया और सभी वर्गों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। जानें इस यात्रा के महत्व और धामी के विचार।
 | 

मुख्यमंत्री धामी का नशा मुक्त अभियान

उत्तराखंड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को पंजाब के होशियारपुर ग्रामीण और मुकेरियां (दसूहा) क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ के तहत आयोजित जनसभाओं को संबोधित किया। यह यात्रा पंजाब के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से गुजरते हुए नशे के खिलाफ जागरूकता और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है।


मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह यात्रा पंजाब को नशे के अभिशाप से मुक्त करने और युवा पीढ़ी के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में भाजपा की एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि पंजाब की धरती वीरता, परिश्रम और देशभक्ति के लिए जानी जाती है, और यहां के युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।



मुख्यमंत्री ने आम आदमी पार्टी की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता में आने से पहले ‘आप’ ने नशे की समस्या को लेकर कई वादे किए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार उन वादों पर खरी नहीं उतरी और नशे की समस्या आज भी पंजाब के लिए गंभीर चुनौती बनी हुई है।


उन्होंने कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार नशे के खिलाफ कार्रवाई और जागरूकता को प्राथमिकता दे रही है, वहीं भाजपा इस यात्रा के माध्यम से समाज के हर वर्ग को नशे के खिलाफ एकजुट करने का प्रयास कर रही है।


मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि नशे के खिलाफ यह लड़ाई केवल राजनीतिक नहीं है, बल्कि यह पंजाब की आने वाली पीढ़ियों और उनके भविष्य की लड़ाई है। इसके लिए सरकार, समाज, परिवार और युवाओं को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने पंजाब की जनता, विशेषकर युवाओं से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।


इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री सोम प्रकाश, विधायक जंगी लाल महाजन, भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव मिन्हास सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।