मुख्यमंत्री धामी ने गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारा में की प्रार्थना
मुख्यमंत्री का गुरुद्वारे में मत्था टेकना
उत्तराखंड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा और सिख धर्म के पहले गुरु गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर खटीमा के पीलीभीत रोड स्थित गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेककर प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कार्तिक पूर्णिमा और प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन और उपदेशों के माध्यम से मानवता को सत्य, सेवा, समानता और परोपकार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उनकी शिक्षाएं समाज में प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के साथ-साथ जरूरतमंदों की निस्वार्थ सेवा के लिए भी प्रेरित करती हैं। उनका संदेश आज भी मानवता के लिए महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकार सिख समाज की धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण तथा ऐतिहासिक तीर्थ स्थलों के विकास के लिए निरंतर प्रयास कर रही हैं। उत्तराखंड में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कई महत्वपूर्ण पहल की जा रही हैं। हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजना और रीठा साहिब के पास धर्मशाला निर्माण जैसे कार्य श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं प्रदान करेंगे और धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा देंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड विभिन्न धर्मों, संस्कृतियों और परंपराओं का संगम है। राज्य सरकार धार्मिक स्थलों के विकास, श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और प्रदेश की समृद्ध आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के सदस्यों और श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, दर्जाधारी राज्य मंत्री गंभीर सिंह धामी एवं किशन सिंह किन्ना, फरजाना बेगम, मेला समिति के अध्यक्ष शेर सिंह दानू, हिमांशु बिष्ट, रनदीप पोखरिया, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, अपर जिलाधिकारी विनोद कुमार एवं निर्मला बिष्ट सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और श्रद्धालु उपस्थित थे।
