हरियाणा में मानसून का असर: बारिश का अलर्ट जारी
हरियाणा में बारिश का दौर जारी
आने वाले तीन दिन भी प्रदेश का मौसम रहेगा परिवर्तनशील, फसलों के लिए बेहद लाभकारी है बारिश
हरियाणा मानसून अपडेट: चंडीगढ़ में मानसून की सक्रियता के कारण आज सुबह से कई स्थानों पर बारिश हो रही है। अधिकांश स्थानों पर हल्की बारिश हुई, जबकि कुछ जिलों में मध्यम से तेज बारिश भी देखी गई। भारतीय मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 13 जिलों में अच्छी बारिश की संभावना जताई है। जिन जिलों में बारिश के लिए अलर्ट जारी किया गया है, उनमें पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल में तेज बारिश का ओरेंज अलर्ट है, जबकि कैथल, पानीपत, जींद, रोहतक, सोनीपत, झज्जर, गुरुग्राम और फरीदाबाद के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
बारिश से तापमान में गिरावट
सोमवार को हरियाणा के कई जिलों में दिनभर बूंदाबांदी और हल्की बारिश का सिलसिला जारी रहा। इससे पिछले दिनों की तेज गर्मी से राहत मिली और फसलों के लिए बारिश का पानी अमृत के समान साबित हुआ। बादलों और तेज हवाओं के कारण प्रदेश में तापमान में गिरावट आई, जो सामान्य से काफी कम रहा।
आने वाले दिनों का मौसम
चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के प्रमुख डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि मानसून टर्फ जो हिमालय की तलहटियों की ओर बढ़ा था, अब नीचे की ओर आना शुरू हो गया है। इससे मानसून की अक्षय रेखा की उत्तरी सीमा श्रीगंगानगर, रोहतक, हरदोई, वाराणसी, डेल्टागंज, पुरुलिया, डिगा से उत्तर पूर्व बंगाल होते हुए बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है।
इसके अलावा, पंजाब के ऊपर एक साइक्लोनिक सकुर्लेशन बनने से हरियाणा में मानसून की गतिविधियों में तेजी आई है। इससे आज से लेकर 24 जुलाई तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील रहने की संभावना है, जिसमें बीच-बीच में हवाओं और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की उम्मीद है।
