हरियाणा में मानसून की वापसी, आज इन जिलों में होगी भारी बारिश
हरियाणा में बारिश का सिलसिला जारी
आने वाले दिनों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा, खरीफ फसलों के लिए आवश्यक है अच्छी बारिश
हरियाणा मौसम (चंडीगढ़): पिछले कुछ दिनों से हरियाणा में बारिश का सिलसिला थम गया था, जिसका मुख्य कारण मानसून की गतिविधियों में कमी थी। लेकिन अब भारतीय मौसम विभाग की चंडीगढ़ शाखा ने राहत देने वाली जानकारी दी है। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून फिर से सक्रिय हो गया है।
आने वाले दिनों में पूरे उत्तर भारत, विशेषकर हरियाणा में अच्छी बारिश की संभावना है। यदि बारिश होती है, तो इससे प्रदेशवासियों को गर्मी से राहत मिलेगी और खरीफ फसलों, खासकर धान के लिए यह बहुत लाभकारी होगा।
शनिवार को हुई छिटपुट बारिश
शनिवार को हरियाणा के कई जिलों में हल्की बारिश हुई। इसके साथ ही पूर्व दिशा से आई ठंडी हवाओं ने गर्मी और उमस से राहत प्रदान की। आज, 19 जुलाई से मौसम में बदलाव के साथ बारिश की संभावना है।
आज भारी और हल्की बारिश का अलर्ट
मौसम विज्ञानियों ने शनिवार को उत्तरी हरियाणा के जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया था। 19 जुलाई के बाद, तीन जिलों में तेज बारिश और 12 जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। आज अंबाला, यमुनानगर और करनाल में मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट है। वहीं कुरुक्षेत्र, कैथल, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत और जींद में हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
22 जुलाई तक बारिश की उम्मीद
हरियाणा में मानसून 20 जुलाई को पूरी तरह सक्रिय होगा। मौसम विभाग के अनुसार, 20 से 22 जुलाई के बीच मानसून अपने पीक पर रहेगा। 20 और 21 जुलाई को उत्तरी और पूर्वी हरियाणा के जिलों जैसे यमुनानगर, अंबाला, पंचकूला, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना है।
