Asian Games 2026: वरुण सान्याल की मेडिकल अनफिट घोषित होने से टूटी उम्मीदें
Asian Games 2026 में वरुण सान्याल का सफर खत्म
Asian Games 2026: भारत के मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) एथलीट वरुण सान्याल का एशियन गेम्स में भाग लेने का सपना मुकाबले से पहले ही समाप्त हो गया। 77 किलोग्राम वर्ग के क्वार्टर फाइनल से पहले मेडिकल जांच में उन्हें खेलने के लिए अनफिट घोषित किया गया, जिससे उनका अभियान खत्म हो गया।
वजन घटाने के प्रयास में स्वास्थ्य बिगड़ा
वरुण निर्धारित वजन तक पहुंचने के लिए प्रयासरत थे। इस दौरान उन्होंने भोजन और पानी का सेवन कम कर दिया और सौना में वजन घटाने की कोशिश की। रिपोर्टों के अनुसार, सौना सेशन के लगभग आधे घंटे बाद उन्हें चक्कर आने लगे, कमजोरी महसूस हुई और मांसपेशियों में ऐंठन की समस्या उत्पन्न हुई। कुछ समय बाद वह बेहोश हो गए।
उन्हें तत्काल चिकित्सा सहायता प्रदान की गई और जांच में हल्का डिहाइड्रेशन पाया गया। एक नेपाली एथलीट ने उनकी स्थिति देखी और उन्हें मेडिकल टीम तक पहुंचाने में मदद की। बाद में डॉक्टरों ने उन्हें प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए फिट नहीं माना।
संजीव सान्याल के पुत्र हैं वरुण
वरुण सान्याल, प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य और प्रसिद्ध अर्थशास्त्री संजीव सान्याल के बेटे हैं। 2026 एशियन गेम्स में MMA पहली बार पदक स्पर्धा के रूप में शामिल हुआ है, और वरुण 77 किलोग्राम वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले एथलीटों में से एक थे। जनवरी 2026 में उन्होंने एशियाई चैंपियनशिप में कांस्य पदक भी जीता था।
मेडिकल कारणों से बाहर होने के बाद, वरुण एशियन गेम्स में अपना मुकाबला नहीं खेल पाएंगे, और उनकी जगह भारत का प्रतिनिधित्व नहीं होगा।
