जिम्बाब्वे ने बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम का ऐलान किया
जिम्बाब्वे की 15 सदस्यीय टीम का चयन
नई दिल्ली : जिम्बाब्वे क्रिकेट ने बांग्लादेश के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम की घोषणा की है। इस बार रिचर्ड नगारवा को पहली बार इस प्रारूप में कप्तान बनाया गया है।
हाल ही में बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए एकमात्र टेस्ट में शतकीय पारी खेलने वाले इनोसेंट काइया की टीम में वापसी हुई है। वनडे सीरीज की शुरुआत 6 जुलाई से होगी, जबकि दूसरे मैच का आयोजन 9 जुलाई और अंतिम मैच 11 जुलाई को होगा। सभी मुकाबले हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले जाएंगे। काइया के अलावा बेन कुरेन और ब्रायन बेनेट भी वनडे टीम में शामिल किए गए हैं।
नगरावा एक अनुभवी टीम का नेतृत्व करेंगे, जिसमें क्रेस एर्विन और सिकंदर रजा जैसे प्रमुख खिलाड़ी शामिल हैं। गेंदबाजी विभाग में ब्लेसिंग मुजारबानी, ब्रैड इवांस, न्यूमैन न्यामहुरी और अर्नेस्ट मसुकु बल्लेबाजों को चुनौती देंगे। स्पिन विभाग की जिम्मेदारी रयान बर्ल, वेस्ली मधेवेरे और वेलिंगटन मसाकाद्जा संभालेंगे। तदिवानाशे मारुमानी और क्लाइव मडांडे को विकेटकीपर के रूप में टीम में शामिल किया गया है।
बांग्लादेश के खिलाफ हाल ही में संपन्न टेस्ट मैच में जिम्बाब्वे का प्रदर्शन शानदार रहा। जिम्बाब्वे ने एक पारी और 85 रनों से जीत हासिल की थी। बल्लेबाजी में इनोसेंट काइया ने 140 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि क्रेग एर्विन (60 रन) और ब्रायन बेनेट (59 रन) ने अर्धशतक बनाए। वेस्ली मधेवीरे ने भी 77 रन बनाकर नाबाद रहे। गेंदबाजी में ब्लेसिंग मुजारबानी ने 6 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया। यह जिम्बाब्वे की पिछले साल अगस्त में श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की सीरीज के बाद पहली वनडे सीरीज होगी।
बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए जिम्बाब्वे का स्क्वॉड: रिचर्ड नगारवा (कप्तान), ब्रायन बेनेट, रयान बर्ल, बेन कुरेन, क्रेग एर्विन, ब्रैड इवांस, इनोसेंट काइया, क्लाइव मडांडे, वेस्ली मधेवेरे, तदिवानाशे मारुमानी, वेलिंगटन मसाकाद्जा, अर्नेस्ट मसुकु, ब्लेसिंग मुजारबानी, न्यूमैन न्यामहुरी, सिकंदर रजा।
