Asian Games 2026: Neeru Dhanda ने रचा इतिहास, भारत ने जीते तीन पदक
भारत का शानदार प्रदर्शन एशियन गेम्स 2026 में
नई दिल्ली: जापान के आइची-नागोया में चल रहे एशियन गेम्स 2026 के 11वें दिन भारत ने शानदार प्रदर्शन किया। मंगलवार को भारतीय एथलीटों ने तीन पदक जीते, जिनमें एक स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य शामिल हैं। इस प्रकार भारत के कुल पदकों की संख्या 48 हो गई है, जिसमें 5 स्वर्ण, 21 रजत और 22 कांस्य पदक शामिल हैं। भारत मेडल टेबल में 12वें स्थान पर है।
नीरू ढांडा ने गोल्ड जीतकर बनाया नया रिकॉर्ड
भारत के लिए दिन की सबसे बड़ी उपलब्धि शूटिंग रेंज से आई, जहां नीरू ढांडा ने महिला ट्रैप इवेंट में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। वह एशियन गेम्स में गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला शूटर बनीं। फाइनल में नीरू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 30 शॉट्स में से 28 निशाने सही लगाए और नया एशियाई रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। चीन की सुन युनोंग ने 26 हिट के साथ रजत पदक जीता, जबकि कुवैत की हजर अब्दुलमलिक ने कांस्य पदक हासिल किया।
From aiming at tin cans in Haryana to hitting the bullseye of history at the Asian Games, Subedar Neeru Dhanda’s journey is the stuff of inspiration! 🇮🇳🥇
— Smriti Z Irani (@smritiirani) September 29, 2026
Becoming the first Indian woman to win an individual #AsianGames2026 Gold in Trap shooting, while also securing a Team… pic.twitter.com/bsdVXat4YU
महिला ट्रैप टीम ने दिलाया रजत
नीरू के स्वर्ण के साथ ही महिला ट्रैप टीम ने भी रजत पदक जीता। नीरू ढांडा (118), आशीमा अहलावत (106) और मनीषा कीर (104) की तिकड़ी ने कुल 328 अंक बनाए। चीन की टीम ने 346 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि कुवैत ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा, बॉक्सिंग में भी भारत को एक पदक मिला, जहां पुरुषों के 90 किलो वर्ग में नरेंद्र बेरवाल को सेमीफाइनल में हार के बाद कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। उन्हें मौजूदा विश्व चैंपियन आइबेक ओरलबे ने 5-0 से हराया।
गोल्ड से एक कदम दूर परवीन और अंकुश
मुक्केबाजी में भारत के लिए दो और अच्छी खबरें आई हैं। परवीन हुड्डा और अंकुश पंघाल ने फाइनल में जगह बनाई है और गोल्ड से केवल एक जीत दूर हैं। परवीन ने 65 किलो वर्ग के सेमीफाइनल में चीन की ली शू को 5-0 से हराया, जिससे वह एशियन गेम्स के फाइनल में पहुंचने वाली तीसरी भारतीय महिला बॉक्सर बनीं। इससे पहले एमसी मैरी कॉम और लवलीना बोरगोहेन यह उपलब्धि हासिल कर चुकी हैं। वहीं, अंकुश पंघाल ने 80 किलो वर्ग में उज्बेकिस्तान के फजलुद्दीन एरकिनबोएव को 4-1 से हराकर शानदार वापसी की। एरकिनबोएव 75 किलो वर्ग के मौजूदा विश्व चैंपियन हैं।
