ऋषभ पंत का दिल्ली कैपिटल्स में वापसी, कुलदीप यादव लखनऊ सुपर जायंट्स में शामिल
दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच बड़ा ट्रेड
मुंबई - आईपीएल 2027 से पहले, दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) और लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) ने एक महत्वपूर्ण ट्रेड को अंतिम रूप दिया है। इस ट्रेड के तहत विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत अब एलएसजी से डीसी में लौटेंगे, जबकि कुलदीप यादव अगले सीजन में एलएसजी के लिए खेलेंगे। गवर्निंग बॉडी ने मंगलवार को इस बात की आधिकारिक पुष्टि की।
आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में, एलएसजी ने पंत को 27 करोड़ रुपये में खरीदा था, लेकिन अब वह 15 करोड़ रुपये में डीसी में वापस आ रहे हैं। कुलदीप यादव अपनी मौजूदा फीस 13.5 करोड़ रुपये पर एलएसजी में शामिल होंगे। आईपीएल द्वारा जारी एक बयान में कहा गया, “ट्रेड के बाद पंत 15 करोड़ की संशोधित फीस पर डीसी में लौटेंगे। कुलदीप अपनी मौजूदा फीस 13.50 करोड़ रुपये पर एलएसजी में शामिल होंगे।” दोनों खिलाड़ी आईपीएल 2024 तक दिल्ली कैपिटल्स के लिए एक साथ खेल चुके हैं।
पंत 2016 से 2024 तक डीसी का हिस्सा रहे और 2021 से 2024 तक टीम के कप्तान भी रहे। उन्होंने 43 मैचों में कप्तानी की, जिसमें 23 जीत और 20 हार का सामना किया। पंत ने 2016 से 2024 के बीच कुल 111 मैच खेले।
हालांकि, पंत का आईपीएल 2025 और 2026 सीजन एलएसजी के लिए निराशाजनक रहा। अब यह संभावना जताई जा रही थी कि वह आईपीएल 2027 में डीसी की जर्सी में नजर आएंगे, और यह अब सच साबित हो गया है। कुलदीप यादव के लिए यह तीसरी टीम होगी, क्योंकि वह पहले कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) का हिस्सा रहे हैं और फिर डीसी में शामिल हुए। कुलदीप के आने से एलएसजी की स्पिन गेंदबाजी में मजबूती आएगी। भारतीय टीम के इस दिग्गज स्पिनर ने 110 आईपीएल मैचों में 112 विकेट लिए हैं।
