ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए 13 सदस्यीय टीम की घोषणा की
ऑस्ट्रेलियाई टीम की घोषणा
नई दिल्ली : बांग्लादेश के खिलाफ अगले महीने होने वाली दो मैचों की टेस्ट श्रृंखला के लिए ऑस्ट्रेलिया ने अपनी 13 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस इस साल अपना पहला मैच खेलने के लिए तैयार हैं, क्योंकि वह इस श्रृंखला में वापसी कर रहे हैं।
पैट कमिंस ने अपना पिछला मैच दिसंबर में खेला था और उसके बाद से वह टीम से बाहर थे। बांग्लादेश के खिलाफ पहला टेस्ट 13 अगस्त से खेला जाएगा। इस श्रृंखला में कमिंस के साथ तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क और जोश हेजलवुड भी शामिल हैं, जो बांग्लादेश की टीम के लिए चुनौती पेश करेंगे।
इंग्लैंड के खिलाफ एशेज श्रृंखला के दौरान हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण बाहर रहने वाले स्पिनर नाथन लियोन की भी टीम में वापसी हुई है। इसके अलावा बैक-अप तेज गेंदबाज स्कॉट बोलैंड और ऑलराउंडर ब्यू वेबस्टर और कैमरून ग्रीन को भी टीम में शामिल किया गया है।
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी की जिम्मेदारी ट्रेविस हेड, जोश इंग्लिस, स्टीव स्मिथ, मार्नस लाबुशेन और जेक वेदरल्ड के कंधों पर होगी। जबकि माइकल नेसर, टॉड मर्फी और ब्रेंडन डॉगेट को स्क्वाड में जगह नहीं मिली है।
चयन समिति के चेयर जॉर्ज बेली ने कहा, “एनएसपी (नेशनल सिलेक्शन पैनल) पैट, जोश और नाथन की वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रहा है। उन्होंने अपनी चोटों से उबरने के लिए पिछले कुछ महीनों में बहुत मेहनत की है।”
जॉर्ज बेली ने आगे कहा, “हालांकि यह 13 खिलाड़ियों का स्क्वाड है, लेकिन अगर मैचों से पहले किसी बदलाव की आवश्यकता पड़ी, तो हमारे पास तैयार खिलाड़ी मौजूद हैं।” उन्होंने बताया कि अगले 12 महीनों में क्रिकेट की बढ़ती मात्रा को देखते हुए कई खिलाड़ियों को विभिन्न फॉर्मेट में खेलने का मौका मिल सकता है।
ऑस्ट्रेलिया वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की तालिका में शीर्ष पर है, जबकि बांग्लादेश चौथे स्थान पर है। दोनों टीमों के बीच पहला टेस्ट डॉर्विन में 13-17 अगस्त और दूसरा टेस्ट मैके में 22-26 अगस्त के बीच खेला जाएगा।
बांग्लादेश के खिलाफ ऑस्ट्रेलियाई टीम: पैट कमिंस (कप्तान), स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, कैमरून ग्रीन, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, जोश इंग्लिस, मार्नस लाबुशेन, नाथन लियोन, स्टीव स्मिथ, मिशेल स्टार्क, जेक वेदरल्ड, ब्यू वेबस्टर।
