गूगल मैप्स की गलती से नीट परीक्षा में कई छात्रों को मिली असफलता
गूगल मैप्स की गलत लोकेशन से परीक्षा में बाधा
मुरादाबाद :- गूगल मैप्स ने नीट परीक्षा केंद्र की गलत जानकारी देने के कारण कई छात्रों को परीक्षा में शामिल होने से वंचित कर दिया। इस गलती के चलते परीक्षार्थी समय पर अपने परीक्षा केंद्र नहीं पहुँच सके। गूगल मैप्स ने आर एन इंटर कॉलेज की लोकेशन को गलत तरीके से कांठ रोड क्षेत्र में दर्शाया, जबकि असल में यह मुरादाबाद शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में स्थित है।
नीट परीक्षा देने आए फैजान ने बताया कि उसका परीक्षा केंद्र आर एन इंटर कॉलेज था, लेकिन गूगल मैप्स पर यह मुरादाबाद से कांठ रोड पर लगभग 29 किलोमीटर दूर दिखा रहा था। जब वह उस स्थान पर पहुंचे, तो उन्हें पता चला कि असल में यह केंद्र मुरादाबाद के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में कंपनी बाग में है। सभी परीक्षार्थियों को डेढ़ बजे तक परीक्षा केंद्र में प्रवेश लेना था, लेकिन फैजान 10 मिनट लेट हो गया, जिसके कारण उन्हें प्रवेश नहीं दिया गया। कॉलेज के गेट पर तैनात पुलिसकर्मियों और अधिकारियों से बार-बार गुहार लगाने के बावजूद उन्हें अंदर नहीं जाने दिया गया।
इसी तरह, सार्थक को भी परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिला। उसने कहा कि पहले परीक्षा देने पर पेपर लीक हो गया था और अब फिर से परीक्षा देने आए तो गूगल मैप्स की गलती के कारण समय पर नहीं पहुँच सके। उसका एक साल बर्बाद हो गया।
