झंडू कुमार ने Commonwealth Games 2026 में जीता कांस्य पदक, पीएम मोदी ने की सराहना
भारत के लिए गर्व का क्षण
नई दिल्ली: स्कॉटलैंड के ग्लासगो में चल रहे राष्ट्रमंडल खेलों के दूसरे दिन भारत को एक बड़ी खुशी मिली है। बिहार के प्रतिभाशाली पैरा पावरलिफ्टर झंडू कुमार ने पुरुषों की हेवीवेट पैरा पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर देश का खाता खोला है। इसके साथ ही तैराकी, मुक्केबाजी और लॉन बॉल्स जैसे खेलों में भी भारतीय एथलीटों ने शानदार प्रदर्शन जारी रखा है।
190 किलोग्राम उठाकर जीता पदक
झंडू कुमार ने प्रतियोगिता में कुल 190 किलोग्राम का वजन उठाकर कांस्य पदक अपने नाम किया। उन्होंने 130.9 अंक प्राप्त किए। पहले प्रयास में उन्होंने 181 किलोग्राम उठाकर 124.7 अंक जुटाए और मजबूत शुरुआत की। दूसरे प्रयास में 190 किलोग्राम उठाकर उन्होंने पदक सुनिश्चित किया। हालांकि, तीसरे प्रयास में 196 किलोग्राम उठाने में वे थोड़े से चूक गए, अन्यथा बर्मिंघम 2022 खेलों का रिकॉर्ड टूट सकता था।
खुशी का इजहार
इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद झंडू कुमार ने अपनी खुशी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पहला अंतरराष्ट्रीय पदक जीतने पर उन्हें ऐसा महसूस हो रहा है जैसे वे हवा में उड़ रहे हैं। झंडू ने बताया कि उनका एकमात्र लक्ष्य था कि किसी भी हाल में भारत के लिए पदक जीतना है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार, कोच, भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) और टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (TOPS) को दिया।
प्रधानमंत्री मोदी की बधाई
झंडू कुमार की इस शानदार जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर उन्हें बधाई दी। पीएम मोदी ने लिखा कि झंडू की यह सफलता उनकी अदम्य इच्छाशक्ति और वर्षों की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर न केवल देश का मान बढ़ाया है, बल्कि करोड़ों भारतीयों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बने हैं।
A spectacular performance by Jhandu Kumar, who has opened India’s medal tally at the #CWG2026 by winning a Bronze in the Men’s Heavyweight Para Powerlifting event! Congratulations to him. His achievement is a powerful reflection of immense strength, unwavering determination and… pic.twitter.com/kMdkU6RRAF
— Narendra Modi (@narendramodi) July 25, 2026
