महिला टी-20 विश्व कप 2026: इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच खिताबी मुकाबला
महिला टी-20 विश्व कप फाइनल 2026:
महिला टी-20 विश्व कप 2026 का इंतजार अब समाप्त होने वाला है। आज क्रिकेट के प्रतिष्ठित मैदान लॉर्ड्स पर इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया खिताब के लिए आमने-सामने होंगे। खास बात यह है कि दोनों टीमें पूरे टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं हारी हैं। मेज़बान इंग्लैंड दूसरी बार ट्रॉफी जीतने की कोशिश में है, जबकि ऑस्ट्रेलिया रिकॉर्ड सातवें खिताब की तलाश में है। दोनों टीमों के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए फाइनल में रोमांच की उम्मीद है।
दो अजेय टीमों के बीच खिताबी जंग
इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया ने इस टूर्नामेंट में अब तक छह-छह मुकाबले जीते हैं। दोनों ने ग्रुप चरण से लेकर सेमीफाइनल तक लगातार जीत हासिल की है। आज किसी एक टीम की जीत का सिलसिला टूटेगा, जबकि दूसरी टीम विश्व चैंपियन बनेगी।
फाइनल में ऑस्ट्रेलिया का पलड़ा भारी
अब तक इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच 45 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें ऑस्ट्रेलिया ने 23 और इंग्लैंड ने 21 मैच जीते हैं, जबकि एक मुकाबला बेनतीजा रहा।
महिला टी-20 विश्व कप में दोनों के बीच सात मुकाबले हुए हैं, जिनमें ऑस्ट्रेलिया ने पांच और इंग्लैंड ने दो मैच जीते हैं। दोनों टीमें चौथी बार विश्व कप फाइनल में आमने-सामने होंगी। इससे पहले 2012, 2014 और 2018 के तीनों फाइनल ऑस्ट्रेलिया ने जीते थे। हालांकि, लॉर्ड्स में खेले गए चारों टी-20 मुकाबलों में इंग्लैंड विजयी रहा है।
दोनों टीमों का फाइनल तक का सफर
ऑस्ट्रेलिया ने ग्रुप चरण में दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश, नीदरलैंड, पाकिस्तान और भारत को हराया। इसके बाद सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज को आठ विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई।
वहीं इंग्लैंड ने श्रीलंका, आयरलैंड, स्कॉटलैंड, वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड को हराया। सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 40 रन से हराकर उसने खिताबी मुकाबले का टिकट हासिल किया।
एलिस पेरी की फिटनेस पर नजर
ऑस्ट्रेलिया की स्टार ऑलराउंडर एलिस पेरी की फिटनेस टीम के लिए महत्वपूर्ण है। वह वेस्टइंडीज के खिलाफ सेमीफाइनल में क्वाड्रिसेप्स में परेशानी के कारण रिटायर्ड हर्ट हो गई थीं। हालांकि, फाइनल से पहले उन्होंने नेट्स में अभ्यास किया है, जिससे उनके खेलने की उम्मीद बनी हुई है।
इंग्लैंड के लिए राहत की बात यह है कि कप्तान नैट सिवर-ब्रंट चोट से वापसी के बाद सेमीफाइनल में 47 गेंदों पर 75 रन की शानदार पारी खेलकर फॉर्म में लौट चुकी हैं।
लॉर्ड्स की पिच पर तेज गेंदबाजों को फायदा
इस विश्व कप में लॉर्ड्स की पिच तेज गेंदबाजों के लिए सबसे मददगार साबित हुई है। नई गेंद से सीम मूवमेंट और अतिरिक्त उछाल मिलने की संभावना है। हालांकि, इसी मैदान पर ऑस्ट्रेलिया ने ग्रुप स्टेज में भारत के खिलाफ 171 रन का लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल किया था।
स्पिनरों और स्टार खिलाड़ियों पर रहेंगी निगाहें
ऑस्ट्रेलिया की सोफी मोलिन्यू 10 विकेट लेकर शानदार लय में हैं, जबकि जॉर्जिया वेयरहैम ने सात विकेट हासिल किए हैं। दूसरी ओर इंग्लैंड की सोफी एक्लस्टोन और चार्ली डीन ने नौ-नौ विकेट लिए हैं।
बल्लेबाजी में ऑस्ट्रेलिया की बेथ मूनी और एलिस पेरी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। वहीं इंग्लैंड को डैनी हॉज, नैट सिवर-ब्रंट और लॉरेन बेल से बड़ी उम्मीदें होंगी।
