महिला टी20 विश्व कप 2026: भारत-पाकिस्तान मुकाबले के लिए फैंस की दुआएं
भारत और पाकिस्तान के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला
नई दिल्ली: महिला टी20 विश्व कप 2026 में रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच एक रोमांचक मुकाबला होने जा रहा है। देशभर में भारतीय टीम की जीत के लिए प्रार्थनाएं की जा रही हैं। फैंस को उम्मीद है कि इस मैच में भारत की बेटियां शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल करेंगी।
प्रयागराज में भारतीय टीम की जीत के लिए गंगा में पूजा और आरती का आयोजन किया गया। इस दौरान फैंस गंगा में उतरे और उनके हाथों में भारतीय खिलाड़ियों के पोस्टर थे। राजस्थान के चूरू जिले में महिला क्रिकेट प्रेमियों ने बातचीत में भारतीय टीम से बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद जताई।
यशोदा नाम की एक फैन ने कहा कि जब भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होती हैं, तो रोमांच अपने चरम पर होता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस महत्वपूर्ण मुकाबले में हरमनप्रीत कौर शानदार बल्लेबाजी करेंगी। एक अन्य फैन ने कहा कि टॉस जीतना इस मैच में बहुत महत्वपूर्ण होगा।
एक फैन ने कहा कि स्मृति मंधाना इस मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन करेंगी और चौके-छक्के लगाएंगी। फैंस ने भारतीय टीम की जीत के लिए नारे भी लगाए। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय टीम का टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में पाकिस्तान के खिलाफ रिकॉर्ड शानदार रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक 16 टी20 मैच खेले गए हैं, जिनमें से 13 में भारत ने जीत हासिल की है, जबकि पाकिस्तान को केवल 3 मैचों में सफलता मिली है। दोनों टीमों की आखिरी भिड़ंत 2024 में हुई थी, जिसमें हरमनप्रीत की टीम ने पाकिस्तान को 6 विकेट से हराया था।
रविवार को भारत अपने इस दबदबे को बनाए रखने के इरादे से मैदान पर उतरेगा। भारतीय टीम को इस मैच में स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स और कप्तान हरमनप्रीत कौर से बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद है। गेंदबाजी में रेणुका सिंह और क्रांति गौड़ की जोड़ी पाकिस्तान की बल्लेबाजों के लिए चुनौती पेश कर सकती है।
