Newzfatafatlogo

पाकिस्तान में पोलियो उन्मूलन अभियान कार्यकर्ताओं पर हमला, पुलिसकर्मी समेत दो लोगों की मौत 

 | 


पेशावर, 16 दिसंबर (हि.स.)। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में राष्ट्रव्यापी पोलियो उन्मूलन अभियान का पहला दिन 'सोमवार' हिंसा की भेंट चढ़ गया। खैबर पख्तूनख्वा में अलग-अलग हमलों में अज्ञात बंदूकधारियों ने पोलियो कार्यकर्ताओं पर गोली चला दी। इस गोलीबारी में दो लोग मारे गए।जियो न्यूज चैनल की खबर के अनुसार, करक में बांदा दाउद शाह तहसील के शकर खेल इलाके में पोलियो उन्मूलन टीम को सुरक्षा प्रदान कर रहा एक पुलिसकर्मी सशस्त्र हमलावरों की गोली लगने से शहीद हो गया। इस हमले में एक पोलियो कार्यकर्ता भी घायल हो गया। इसके अलावा बन्नू के काला खेल मस्ती खान इलाके में एक पोलियो कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के गवर्नर फैसल करीम कुंडी ने करक में पोलियो टीम पर हमले को अफसोसजनक बताया और पुलिसकर्मी की शहादत पर दुख व्यक्त किया।पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) की नेता और मुल्क की प्रथम महिला आसिफा भुट्टो जरदारी ने एक्स पोस्ट में पोलियो कार्यकर्ताओं को निशाना बनाकर किए गए हमलों की निंदा की। उन्होंने कहा कि पोलियो के खिलाफ सरकार की लड़ाई जारी रहेगी। जियो न्यूज के अनुसार, पोलियो से देशभर में 63 बच्चे प्रभावित हुए हैं। पिछले महीने बलूचिस्तान के मस्तुंग जिले में पोलियो उन्मूलन टीम की सुरक्षा कर रहे सुरक्षाकर्मियों को निशाना बनाकर किए गए विस्फोट में पांच स्कूली बच्चों और एक पुलिसकर्मी सहित कम से कम नौ लोग मारे गए थे। मुल्क में पोलियो उन्मूलन अभियान को लगातार धक्का लग रहा है।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद