नाइजीरिया में अवैध खनन के आरोप में 37 लोगों की मौत, उच्च स्तरीय जांच का आदेश
नाइजीरिया में 37 लोगों की संदिग्ध मौत
उत्तर-मध्य नाइजर राज्य, नाइजीरिया में 37 व्यक्तियों की लाशें गुरुवार को बरामद की गईं। इन सभी को मंगलवार और बुधवार को अवैध खनन के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। अधिकारियों का मानना है कि इनकी मृत्यु संक्रमण के कारण हुई, जबकि एक जीवित बचे व्यक्ति ने दम घुटने को मौत का कारण बताया है। इस घटना ने नाइजीरिया में कई सवाल खड़े कर दिए हैं और उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं।
जांच का उद्देश्य
जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि जब इन लोगों को गिरफ्तार किया गया, तब उनकी स्वास्थ्य स्थिति क्या थी। मृतकों के परिजन भी इस घटना पर सवाल उठा रहे हैं, और स्थानीय मानवाधिकार समूह भी इस मामले में चिंतित हैं। नाइजीरिया सहित कई अफ्रीकी देशों में अवैध खनन एक गंभीर समस्या बन चुकी है, जहां स्थानीय लोग अक्सर बंद खदानों में घुसकर अवैध खनन करते हैं, जिससे कई बार हादसे होते हैं।
'बंद कोठरी में ठूसे गए थे 65 लोग'
घटना के एकमात्र जीवित बचे दाउदा शेहू ने बताया कि 65 लोगों को एक ऐसी कोठरी में ठूंसकर रखा गया था, जहां वायु संचार की कोई व्यवस्था नहीं थी। उन्होंने कहा, 'हमें ठूंसकर रखा गया था और हवा की कमी के कारण हमें सांस लेने में कठिनाई होने लगी।' दाऊदा ने यह जानकारी उस अस्पताल से दी, जहां शवों की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि बंद लोगों ने दरवाजा पीटकर गार्ड का ध्यान खींचने की कोशिश की। NSCDC के प्रवक्ता सुबूरे सियाका अनिविये ने कहा कि एजेंसी को संदेह है कि मौतें किसी बीमारी के कारण हुई हैं, लेकिन उन्होंने बीमारी का नाम नहीं बताया। शवों को आगे की जांच के लिए एक स्थानीय अस्पताल भेजा गया है।
परिजनों की अपील
इस घटना में अपने दो बेटों को खोने वाले शफातु सुलेमान ने सरकार से मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की है। नाइजर राज्य की पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।
