अमेरिका में भारतीय छात्रों की संख्या में गिरावट, रिपोर्ट में खुलासा
भारतीय छात्रों की संख्या में कमी
(सागर कुलकर्णी) वाशिंगटन, 16 नवंबर: अमेरिका के विश्वविद्यालयों में भारतीय छात्रों की संख्या 2025-26 में पिछले शैक्षणिक वर्ष की तुलना में 6.5 प्रतिशत कम हो गई है। यह जानकारी सोमवार को एक नई रिपोर्ट में दी गई। यह गिरावट उस समय आई है जब ट्रंप प्रशासन ने आव्रजन नीतियों को कड़ा करने के लिए कदम उठाए हैं।
‘ओपन डोर्स’ रिपोर्ट के अनुसार, 2025-26 में अमेरिका के विश्वविद्यालयों में 3,39,435 भारतीय छात्रों ने दाखिला लिया, जबकि 2024-25 में यह संख्या 3,63,019 थी। रिपोर्ट में बताया गया है कि लगातार तीसरे वर्ष भारत विदेशी छात्रों के दाखिले में सबसे आगे रहा। 2025-26 में अमेरिका में कुल विदेशी छात्रों में भारतीय छात्रों की हिस्सेदारी 29.6 प्रतिशत रही। यह गिरावट मुख्य रूप से स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में दाखिले में भारी कमी के कारण हुई।
स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में दाखिले 34 प्रतिशत घटकर 1,16,609 रह गए, जबकि स्नातक पाठ्यक्रमों में एक प्रतिशत की कमी आई और यह संख्या 39,711 रही। हालांकि, वैकल्पिक व्यावहारिक प्रशिक्षण (ओपीटी) कार्यक्रम में भाग लेने वाले भारतीय छात्रों की संख्या 27 प्रतिशत बढ़कर 1,82,201 हो गई।
अमेरिका में विदेशी छात्रों के मामले में चीन दूसरे स्थान पर रहा, लेकिन चीनी छात्रों की संख्या चार प्रतिशत घटकर 2,54,458 रह गई। कुल मिलाकर, 2025-26 में अमेरिका के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में 200 से अधिक देशों के 11,46,163 अंतरराष्ट्रीय छात्रों ने दाखिला लिया। यह पिछले शैक्षणिक वर्ष की तुलना में तीन प्रतिशत कम है। अमेरिका में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे छात्रों में अंतरराष्ट्रीय छात्रों की हिस्सेदारी छह प्रतिशत रही। इस वर्ष की शुरुआत में, अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग ने ओपीटी कार्यक्रम में भाग लेने वाले छात्रों के लिए शिक्षण संस्थानों से 70,000 अमेरिकी डॉलर शुल्क लेने का प्रस्ताव रखा था।
