Newzfatafatlogo

ताजमहल की संगमरमर की पट्टिका की नीलामी ब्रिटेन में होगी

आगरा के विश्व प्रसिद्ध ताजमहल से निकाली गई एक संगमरमर की पट्टिका की नीलामी अगले महीने ब्रिटेन में होने जा रही है। यह पट्टिका कर्नल पाउनोल फिप्स द्वारा 1816 में एकत्र की गई थी। नीलामी से 20,000 से 30,000 पाउंड की आय की उम्मीद है। इस संगमरमर की पट्टिका के साथ ताजमहल की एक पुरानी तस्वीर और दो पत्र भी शामिल हैं। जानें इस ऐतिहासिक वस्तु के बारे में और अधिक जानकारी।
 | 

ताजमहल से निकाली गई संगमरमर की पट्टिका की नीलामी

(अदिति खन्ना) लंदन, 27 नवंबर: आगरा के प्रसिद्ध ताजमहल से संबंधित एक नक्काशीदार संगमरमर की पट्टिका, जो ब्रिटिश शासन के दौरान ईस्ट इंडिया कंपनी के एक अधिकारी द्वारा निकाली गई थी, अगले महीने ब्रिटेन में नीलाम की जाएगी। यह आयताकार पट्टिका उन दो पट्टिकाओं में से एक है, जो कर्नल पाउनोल फिप्स ने 1816 में आगरा और उसके आस-पास की इमारतों की मरम्मत के अधीक्षक के रूप में अपने कार्यकाल के अंत में एकत्र की थी। इसकी नीलामी से 20,000 से 30,000 पाउंड (लगभग 24-36 लाख भारतीय रुपये) की प्राप्ति की उम्मीद है।


इस संगमरमर की पट्टिका को 9 दिसंबर को लायन एंड टर्नबुल नीलामीकर्ता द्वारा आयोजित ‘इस्लामिक और भारतीय कला’ से संबंधित वस्तुओं की नीलामी में पेश किया जाएगा। नीलामीकर्ता द्वारा जारी विवरण के अनुसार, ‘‘इस संगमरमर की पट्टिका के साथ ताजमहल की एक पुरानी श्वेत-श्याम तस्वीर और दो पत्र भी शामिल हैं, जिनमें से एक कर्नल पाउनोल के पोते द्वारा छपवाया गया था, जबकि दूसरा मार्क्वेस ऑफ बाथ द्वारा हस्तलिखित है।”


कर्नल के बेटे के संस्मरणों के अनुसार, उनके पिता को ये वस्तुएं ताजमहल के भूमिगत हिस्से में मिली थीं, और उनका मानना था कि इनका उपयोग मुगलकालीन स्मारक की मरम्मत के लिए किया जाना था। कर्नल पाउनोल फिप्स का जन्म 1780 में इंग्लैंड के डेवोन में हुआ था।


फिप्स, जो 17वीं सदी के शुरुआत से सैनिकों के परिवार से संबंधित थे, 1799 में ईस्ट इंडिया कंपनी की बंगाल सेना में कैडेट के रूप में शामिल हुए। भारत में औपनिवेशिक शासन के दौरान, उन्होंने ताजमहल और अन्य ऐतिहासिक इमारतों की देखभाल की जिम्मेदारी भी संभाली। भारत के तत्कालीन गवर्नर जनरल ने 1816 में कर्नल को ‘लोअर प्रोविंसेस’ में इमारतों का अधीक्षक नियुक्त किया, जिसके बाद उन्हें आगरा छोड़कर तत्कालीन कलकत्ता जाना पड़ा।


वह और उनका परिवार 1823 में ब्रिटेन लौट आए और 1858 में उनकी मृत्यु हो गई। यह पट्टिका 200 से अधिक वर्षों तक उनके परिवार के संग्रह में रही।