नासिक में भूकंप के झटकों से दहशत, जानें क्या है स्थिति
नासिक में भूकंप से हड़कंप
नासिक: महाराष्ट्र के नासिक में भूकंप के लगातार झटकों ने लोगों में भय का माहौल बना दिया है। शनिवार रात 4.3 की तीव्रता वाले भूकंप के बाद रविवार सुबह फिर से कंपन महसूस किया गया। कुछ क्षेत्रों में झटकों के कारण घरों की दीवारों में दरारें आने की भी सूचना मिली है। हालांकि, अभी तक किसी के घायल होने या संपत्ति के नुकसान की कोई खबर नहीं आई है।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, शनिवार रात लगभग 10 बजे नासिक में 4.3 तीव्रता का भूकंप आया। इसके बाद रविवार सुबह 5:33 बजे 3.3 तीव्रता का एक और झटका महसूस किया गया। अधिकारियों के अनुसार, भूकंप का केंद्र महाराष्ट्र-गुजरात सीमा के पास हटगढ़ पर्वत श्रृंखला के निकट भानवाड़ क्षेत्र में था। यह भूकंपीय गतिविधि जमीन से लगभग 5 किलोमीटर की गहराई में दर्ज की गई।
भूकंप के झटके नासिक शहर के अलावा सुरगाना, कलवान, देवला, चांदवड, पेठ, दिंडोरी और निफाड तालुका में भी महसूस किए गए। अचानक धरती हिलने से कई लोग घबरा गए और सुरक्षा के लिए अपने घरों से बाहर निकल आए।
कई गांवों में मकानों में आई दरारें
जिला प्रशासन के अनुसार, सुरगाना तालुका के भादर गांव और दिंडोरी तालुका के नानाशी गांव में कुछ मकानों की दीवारों में दरारें आने की जानकारी मिली है। प्रशासन की टीमें स्थिति का आकलन कर रही हैं। अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों में बांधों का भी निरीक्षण किया, जिसमें किसी भी बांध को नुकसान पहुंचने की सूचना नहीं मिली है।
कलेक्टर की लोगों से सतर्क रहने की अपील
नासिक के जिला कलेक्टर आयुष प्रसाद ने लोगों से घबराने से बचने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोगों को सतर्क रहना चाहिए और सुरक्षा से जुड़ी आवश्यक सावधानियां बरतनी चाहिए। उल्लेखनीय है कि नासिक जिले में इससे पहले भी भूकंप के झटके महसूस किए जा चुके हैं। अधिकारियों के अनुसार, 25 से 28 जुलाई के बीच और फिर 6 अगस्त को भी जिले में भूकंपीय गतिविधियां दर्ज की गई थीं। लगातार हो रही हलचल के कारण स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
