नेपाल में सांप्रदायिक हिंसा के बीच कर्फ्यू और शांति की अपील
नेपाल में जारी विरोध-प्रदर्शन
पिछले तीन दिनों से नेपाल में विरोध प्रदर्शन जारी हैं। कप्तानगंज में एक हिंदू युवक की मौत के बाद आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सुनसरी के देवानगंज में हुई झड़प में एक व्यक्ति की जान गई है, जबकि 24 लोग घायल हुए हैं। बिहार से सटे वीरगंज में हिंदू संगठनों ने मशान जुलूस निकाला है। सहायक मुख्य ज़िला अधिकारी क्षेत्रराज बराल ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा के निकट सांप्रदायिक हिंसा के चलते तीन लोगों की मौत के बाद सुनसरी ज़िले में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लागू कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, कप्तानगंज में दो समुदायों के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई है। प्रशासन ने हालात को संभालने के लिए कड़े कदम उठाए हैं और सुनसरी तथा सिराहा ज़िलों के कई क्षेत्रों में कर्फ्यू लगाया गया है.
नेपाल के प्रधानमंत्री की शांति की अपील
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेनद्र शाह ने गुरुवार को शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील की। उन्होंने देश के नाम अपने टीवी संबोधन में कहा कि सरकार हाल की हिंसा की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करेगी और इसके लिए जिम्मेदार लोगों को दंडित किया जाएगा.
नेपाल में अशांति की ताजा स्थिति
सुनसरी में भड़की सांप्रदायिक हिंसा अब कई शहरों में फैल चुकी है, और पुलिस प्रशासन हालात को काबू में करने के लिए संघर्ष कर रहा है। पिछले चार दिनों में देश के विभिन्न हिस्सों से हिंसा, आगजनी, तोड़फोड़, पत्थरबाज़ी और पुलिस के साथ झड़पों की खबरें आई हैं। स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि सड़कों और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी के लिए सेना को हेलीकॉप्टर तैनात करने की आवश्यकता पड़ी है। इस हिंसा में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है और कई अन्य घायल हुए हैं, जिनमें प्रदर्शनकारी, स्थानीय नागरिक और सुरक्षाकर्मी शामिल हैं। इस अशांति के कारण कई स्थानों पर सरकारी और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचा है, और प्रदर्शनकारियों ने दर्जनों गाड़ियों और दुकानों में आग लगा दी है.
