पनामा में भूकंप का कहर: 6.0 की तीव्रता से फिर हिली धरती
भूकंप के झटके से दहशत में लोग
नई दिल्ली: मध्य अमेरिका के पनामा में एक बार फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। शुक्रवार को आए एक शक्तिशाली भूकंप के बाद, सोमवार को भी धरती हिलने से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। इस बार भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 6 मापी गई। पहले आए भूकंप ने कई क्षेत्रों में मकानों और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचाया था, जिसके बाद लगातार आ रहे झटकों ने लोगों की परेशानियों को और बढ़ा दिया है।
भूकंप का केंद्र और गहराई
यूरोपियन-मेडिटेरेनियन सीस्मोलॉजिकल सेंटर (EMSC) के अनुसार, सोमवार को आए भूकंप का केंद्र जमीन से लगभग 35 किलोमीटर की गहराई पर था। इस नए भूकंप से हुए नुकसान की विस्तृत जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है।
EQ of M: 6.1, On: 13/10/2026 04:50:37 IST, Lat: 7.683 N, Long: 81.405 W, Depth: 10 Km, Location: Panama. For more information Download the BhooKamp App https://t.co/5gCOtjdtw0 @DrJitendraSingh @OfficeOfDrJS @tummalasrini @GSuresh_NCS @ndmaindia https://t.co/Be2CrJhEov
— National Center for Seismology (@NCS_Earthquake) October 12, 2026
शुक्रवार को आया था 7.7 तीव्रता का भूकंप
पनामा में शुक्रवार को 7.7 की तीव्रता का एक भीषण भूकंप आया था। इसका प्रभाव देश के मध्य हिस्सों में देखा गया, जहां कई घरों और इमारतों को नुकसान पहुंचा। कुछ स्थानों पर बुनियादी सुविधाएं भी प्रभावित हुईं। इस बड़े भूकंप के बाद लगातार आफ्टरशॉक्स महसूस किए गए हैं।
रिपोर्टों के अनुसार, शुक्रवार के भूकंप के बाद 300 से अधिक आफ्टरशॉक्स दर्ज किए गए हैं। इस निरंतर हलचल के कारण प्रशासन को सप्ताहांत में राष्ट्रीय आपातकाल घोषित करना पड़ा। अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर नजर बनाए रखी है।
27 लोग घायल, सैकड़ों घरों को नुकसान
आपातकालीन अधिकारियों के अनुसार, शुक्रवार के भूकंप में कम से कम 27 लोग घायल हुए हैं। इसके अलावा, लगभग 900 घरों को नुकसान पहुंचने की सूचना है। राहत की बात यह है कि अब तक किसी की मौत की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि नुकसान का आकलन अभी भी जारी है, खासकर दूर-दराज के क्षेत्रों में स्थिति का जायजा लेने में समय लग रहा है।
इन प्रांतों में सबसे ज्यादा असर
पनामा के लॉस सैंटोस, कोक्ले, वेरागुआस और हेरेरा प्रांतों को भूकंप से सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में गिना गया है। इन इलाकों में मकानों और अन्य संरचनाओं को हुए नुकसान की जांच की जा रही है। लगातार आ रहे भूकंप के झटकों के बीच प्रशासन की प्राथमिकता लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और प्रभावित परिवारों तक आवश्यक सहायता पहुंचाना है। शुक्रवार के बड़े भूकंप के बाद सोमवार को आए नए झटके ने क्षेत्र में सतर्कता को फिर से बढ़ा दिया है।
