बांग्लादेश ने सऊदी अरब में मृत्युदंड पर जानकारी मांगी
सऊदी अरब में बांग्लादेशी नागरिकों के मृत्युदंड पर सवाल
बांग्लादेश ने सऊदी अरब के मक्का क्षेत्र में अपने दो नागरिकों को दिए गए मृत्युदंड के मामले में विस्तृत जानकारी की मांग की है। स्थानीय समाचार रिपोर्टों के अनुसार, यह जानकारी सऊदी अरब में बांग्लादेश के नागरिकों पर लगाए गए आरोपों, अदालत के निर्णयों, मृत्युदंड के तरीके और कानूनी सहायता के बारे में है।
‘प्रथम आलो’ नामक बांग्लादेशी अखबार में शनिवार को छपी एक खबर के अनुसार, जेद्दा में बांग्लादेश के महावाणिज्य दूतावास ने 19 अक्टूबर को मक्का में सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय को एक राजनयिक पत्र भेजकर छह सवालों के उत्तर मांगे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, जेद्दा में बांग्लादेश के महावाणिज्य दूत ने उसी दिन सऊदी विदेश मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के सामने इस मामले को उठाया। 14 अक्टूबर को मक्का की एक मस्जिद में ‘‘अशोभनीय कृत्य’’ करने के आरोप में एक पुरुष और एक महिला बांग्लादेशी नागरिक को मृत्युदंड दिया गया था।
राजनयिक पत्र में बांग्लादेशी नागरिकों के कथित अपराधों का विवरण, घटना की तारीख और स्थान, उनकी गिरफ्तारी की तारीख, और अदालत के फैसलों की प्रमाणित प्रतियां मांगी गई हैं। पत्र में यह भी पूछा गया है कि मृत्युदंड सिर कलम करके दिया गया या किसी अन्य तरीके से। इसके अलावा, यह जानकारी भी मांगी गई है कि दोनों के शवों को कहां रखा गया है और क्या उन्हें बांग्लादेश भेजा जाएगा या सऊदी अरब में दफनाया जाएगा।
