बांग्लादेश में हिंसा की लहर, शेख हसीना की वापसी पर बढ़ा तनाव
बांग्लादेश में बढ़ती हिंसा
बांग्लादेश में शेख हसीना की संभावित वापसी के बीच देश में गंभीर हिंसा की घटनाएं बढ़ गई हैं। हसीना का गृह जिला इस समय सबसे अधिक प्रभावित है, जहां भीड़ ने एक पुलिस थाने को आग लगा दी है। नेताओं के निवास स्थानों को भी निशाना बनाया जा रहा है, और बसों में आगजनी की जा रही है। राजधानी ढाका सहित विभिन्न क्षेत्रों में हिंसा की घटनाएं सामने आ रही हैं। फरीदपुर में एक किसान नेता को जिंदा जला दिया गया है। अवामी लीग की गतिविधियों के मद्देनजर ढाका में बीजीबी की 96 प्लाटून तैनात की गई हैं।
गोपालगंज में हिंसा की तीव्रता
गोपालगंज जिला इस हिंसा का केंद्र बन गया है। अवामी लीग के समर्थकों ने सांसद सलीमुज्जमां सलीम के घर पर देसी बम से हमला किया और उसके बाद वहां तोड़फोड़ कर आग लगा दी। इसके अलावा, दो ग्रामीण बैंकों और मुकसुदपुर थाने को भी आग के हवाले कर दिया गया, जहां खड़ी 10 गाड़ियों को भी जला दिया गया।
बीएनपी के दफ्तरों पर हमले
खुलना के शिव बारी चौराहे पर पेट्रोल बम से हमले की घटनाएं सामने आई हैं। नारायगंज में एक पैसेंजर बम और भूसे से लदे ट्रक को आग लगा दी गई। यह घटना ढाका-चटगांव हाईवे पर कांचपुर ब्रिज के पास हुई। अवामी लीग के छात्र संगठन ने गोपालगंज में एक निजी अस्पताल में तोड़फोड़ के बाद आग लगा दी। इसके साथ ही, सत्तारूढ़ बीएनपी के पांच दफ्तरों को भी जलाने की खबरें आई हैं।
रेलवे ट्रैक पर भी हिंसा
गोपालगंज की सड़कों पर हसीना के समर्थकों का कब्जा है। अवामी लीग, जुबो लीग और छात्र लीग के कार्यकर्ता हथियारों के साथ शहर में घूम रहे हैं। राजशाही में दो सरकारी बसों को आग के हवाले कर दिया गया है। चारघाट उपजिला में रेलवे ट्रैक में आगजनी की गई है। गाजीपुर में एक बिजली शिकायत केंद्र को भी आग लगाई गई है।
अवामी लीग नेता का घर जलाया गया
सोनागाजी में अवामी लीग के पूर्व सांसद हाजी रहीम उल्लाह के पुश्तैनी घर को लूटने के बाद आग लगा दी गई। हाजी रहीम 2024 से जेल में हैं, और घटना के समय उनके एक रिश्तेदार घर के अंदर मौजूद थे। जाते-जाते बदमाशों ने घर के बाहर खड़े तीन ट्रकों को भी आग लगा दी।
सड़कें जाम, हाईवे पर पेड़ रखे गए
एक रिपोर्ट के अनुसार, गोपालगंज की सड़कों पर अवामी लीग कार्यकर्ताओं का पूरी तरह से कब्जा हो गया है। रिपोर्टर ने 35 किमी की यात्रा की, लेकिन एक भी पुलिसकर्मी नहीं दिखाई दिया। प्रदर्शनकारियों ने कई स्थानों पर पेड़ काटकर सड़कों को जाम कर दिया है। शहर में लगभग सभी बाजार और शिक्षण संस्थान बंद हैं। गोपालगंज में ढाका-खुलना हाईवे पर लगभग 25 स्थानों पर जाम की स्थिति है।
