भयानक सड़क हादसा: पलवल में श्रद्धालुओं से भरी पिकअप ट्रक से टकराई, 6 की मौत
पलवल में भीषण सड़क दुर्घटना
पलवल : हरियाणा के पलवल जिले में कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार तड़के एक गंभीर सड़क हादसा हुआ। एक पिकअप गाड़ी, जिसमें श्रद्धालु सवार थे, सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। यह टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। इस दुर्घटना में छह श्रद्धालुओं की जान चली गई, जबकि 14 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मृतकों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं। सभी घायलों को पलवल के जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचित किया और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस के पहुंचने पर घायलों को क्षतिग्रस्त पिकअप से बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के किशनपुर मुरैया, मकोया, चांदा और आसपास के गांवों के लगभग 21 लोग रक्षाबंधन के अवसर पर धार्मिक यात्रा पर निकले थे। वे शुक्रवार को टाटा पिकअप से विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए रवाना हुए थे।
सोमवार शाम को श्रद्धालुओं ने राजस्थान के खाटू श्याम और सालासर बालाजी मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद वे मथुरा के वृंदावन जाने के लिए पिकअप से निकले थे, तभी यह हादसा हुआ।
पुलिस के अनुसार, श्रद्धालुओं को ले जा रही पिकअप में लोहे के सरिए और जाल लगाकर डबल डेकर जैसा ढांचा बनाया गया था, जिससे वाहन की ऊंचाई बढ़ गई थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक से टकराने के बाद पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। नीचे बैठे यात्री एक-दूसरे के ऊपर गिर गए, जबकि ऊपर बैठे लोग नीचे आ गिरे, जिससे कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में विजय सिंह, राजकुमार, रेशमा देवी, कमला देवी, सुधा और महेश की मौत हुई है। वहीं, सुनील, श्वेता यादव, बीरेश, उमेद, विनोद कुमार, सरला, रूबी, रामसेवक, रवि, वाणी, वीनू, तन्नू, रेखा और गोरा देवी समेत 14 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों का पलवल के जिला नागरिक अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। वहीं, पिकअप चालक सुधीर के भी फरार होने की सूचना है। पुलिस ने दोनों चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि लगातार सफर करने के कारण पिकअप चालक को नींद की झपकी आ गई होगी, जिसके कारण पिकअप सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हालांकि, हादसे के असली कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस मृतकों के परिजनों के पहुंचने का इंतजार कर रही है। हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल और क्षतिग्रस्त वाहनों की जांच शुरू कर दी है।
