रियाद हवाई अड्डे पर मिसाइल हमले में 12 की मौत, 300 से अधिक घायल
रियाद में भयानक मिसाइल हमला
सऊदी अरब की राजधानी रियाद में किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए एक मिसाइल हमले में 12 लोगों की जान चली गई और 300 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। यह जानकारी देश के नागर विमानन अधिकारियों ने दी। सऊदी अरब समर्थित गठबंधन ने इस हमले का आरोप यमन में ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों पर लगाया है।
यह हमला ईरान के साथ युद्ध की शुरुआत के बाद से खाड़ी क्षेत्र के किसी भी अरब देश में हुआ सबसे गंभीर हमला माना जा रहा है। एक क्षेत्रीय अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर बताया कि एक मिसाइल हवाई अड्डे के उस हिस्से में गिरी, जहां घरेलू उड़ानों के लिए टर्मिनल तीन और चार स्थित हैं।
सऊदी अधिकारियों के अनुसार, मृतकों में चार सऊदी नागरिक, दो बांग्लादेशी और फलस्तीन, अमेरिका, मिस्र, जॉर्डन, सीरिया तथा सूडान के एक-एक नागरिक शामिल हैं।
घायलों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में किया जा रहा है। शनिवार दोपहर हुए इस हमले के तुरंत बाद, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह इस बात पर विचार कर रहे हैं कि क्या हूती विद्रोहियों के खिलाफ सऊदी अरब के साथ मिलकर अमेरिका को कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा, 'हम ऐसा कर सकते हैं।'
उन्होंने आगे कहा, 'हम इस पर विचार करेंगे। हमें अभी इस हमले की जानकारी मिली है। इसलिए हम इस बारे में फैसला लेंगे। हम बहुत तेजी से कार्रवाई करते हैं।' सऊदी अरब समर्थित गठबंधन ने भी इस हमले को हूती विद्रोहियों का 'पूर्ण युद्ध अपराध' करार देते हुए कड़ी प्रतिक्रिया देने का संकल्प लिया है। हवाई अड्डे पर कोई सैन्य ठिकाना नहीं है।
हालांकि, हूती विद्रोहियों की ओर से इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
