Newzfatafatlogo

शी चिनफिंग की अमेरिका यात्रा: ट्रंप से दोबारा मुलाकात की उम्मीद

चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने अपने अमेरिका दौरे के दौरान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से दो बार मुलाकात की उम्मीद जताई है। उन्होंने ट्रंप और उनकी पत्नी को एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग शिखर सम्मेलन में आमंत्रित किया। ट्रंप ने शी को अमेरिकी राष्ट्रीय अभिलेखागार दिखाने की योजना बनाई है, जहां स्वतंत्रता की घोषणा और संविधान जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे गए हैं। दोनों नेताओं के बीच कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई, लेकिन व्हाइट हाउस ने इस पर कोई जानकारी साझा नहीं की।
 | 

शी चिनफिंग का दौरा और ट्रंप से संभावित मुलाकातें

चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने शुक्रवार को अपने अमेरिका दौरे के समापन से पहले कहा कि उन्हें उम्मीद है कि इस वर्ष वे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से दो बार और मिलेंगे। शी ने ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया को नवंबर में चीन के शेनझेन में आयोजित होने वाले एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपेक) शिखर सम्मेलन में आमंत्रित किया। उन्होंने बताया कि इसके एक महीने बाद फ्लोरिडा में ‘ट्रंप नेशनल डोरल मियामी गोल्फ क्लब’ में जी20 शिखर सम्मेलन के दौरान उनकी फिर से मुलाकात हो सकती है।


शी ने कहा, ‘‘मैं राष्ट्रपति और प्रथम महिला को चीन आने के लिए आमंत्रित करता हूं।’’ इस पर ट्रंप ने उत्तर दिया, ‘‘हम आएंगे और हम काफी बातचीत करेंगे।’’


चीन के राष्ट्रपति के दौरे के समापन से पहले ट्रंप उन्हें राष्ट्रीय अभिलेखागार भी ले जाने की योजना बना रहे हैं। ट्रंप दुनिया के सबसे शक्तिशाली साम्यवादी देश के नेता को अमेरिकी लोकतंत्र के महत्वपूर्ण दस्तावेज दिखाएंगे। शी के अमेरिका के राष्ट्रीय अभिलेखागार का दौरा करने के बाद वाशिंगटन से रवाना होने की संभावना है।


यहां स्वतंत्रता की घोषणा, संविधान और अधिकार विधेयक जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित रखे गए हैं। शी की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब अमेरिका अपनी स्थापना की 250वीं वर्षगांठ मना रहा है। ट्रंप ने कहा था कि वह शी को ‘‘उस गौरवशाली इतिहास के कुछ सबसे महत्वपूर्ण खजाने’’ दिखाना चाहते हैं।


ट्रंप दंपति ने बृहस्पतिवार रात प्रौद्योगिकी उद्योग के प्रमुखों की मौजूदगी में अपने मेहमानों के सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन किया था। दोनों नेताओं ने बृहस्पतिवार को बंद कमरे में 90 मिनट तक बैठक भी की। बैठक के बाद चीन सरकार की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया कि दोनों नेताओं ने मध्य पूर्व, यूक्रेन और कोरियाई प्रायद्वीप जैसे मुद्दों पर चर्चा की।


हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति कार्यालय व्हाइट हाउस ने इस चर्चा के बारे में कोई जानकारी साझा नहीं की है।