Newzfatafatlogo

सऊदी अरब पर हूती विद्रोहियों के हमले में 73 लोग घायल

ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब पर हमले किए, जिसमें 73 लोग घायल हो गए। यह हमला अबहा, जजान, नजरान और खमिस मुशैत शहरों में हुआ। सऊदी अरब के अधिकारियों ने इस हमले की पुष्टि की है और कहा है कि वे हूती मिलिशिया के खिलाफ सभी आवश्यक सैन्य कार्रवाई करेंगे। यह घटना यमन में जारी संघर्ष के बीच हुई है, जिसने चार साल से चल रहे संघर्षविराम को समाप्त कर दिया है।
 | 

सऊदी अरब पर हमले की जानकारी

काहिरा, आठ सितंबर (एपी) ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने मंगलवार की सुबह सऊदी अरब पर हमले किए, जिसमें 73 लोग घायल हो गए। यह जानकारी सऊदी अधिकारियों ने दी। यमन में हूतियों के खिलाफ लड़ाई में शामिल सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन के प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-मलिकी ने बताया कि विद्रोहियों ने सऊदी अरब के अबहा, जजान, नजरान और खमिस मुशैत शहरों में ‘‘असैन्य और आर्थिक प्रतिष्ठानों’’ को निशाना बनाया।


उन्होंने कहा कि सऊदी अरब का नेतृत्व वाला गठबंधन ‘‘आतंकवादी हूती मिलिशिया को रोकने के लिए सभी आवश्यक सैन्य कार्रवाई करेगा।’’ हमलों से पहले, हूतियों ने आरोप लगाया था कि सऊदी अरब ने यमन के उत्तरी प्रांत अल-जौफ में एक जेल पर हमला किया है। ये हमले यमन में हूतियों और सऊदी अरब समर्थित सरकारी बलों के बीच कई हफ्तों से जारी बढ़ती लड़ाई के बीच हुए हैं, जिसने यमन के गृहयुद्ध में चार साल से चल रहे संघर्षविराम को समाप्त कर दिया है।